अयोध्या में अब सुरक्षा कर्मियों को मिलेगी आधुनिक आवासीय सुविधा

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-बेगमपुरा में 228 क्षमता वाले ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कार्य सम्पन्न, आरजेबी परिसर सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए बना अत्याधुनिक हॉस्टल परिसर


अयोध्या। अयोध्या में पुलिस सुरक्षा कर्मियों के बेहतर आवास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। बेगमपुरा क्षेत्र में आरजेबी परिसर सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए निर्मित 228 क्षमता वाला अत्याधुनिक ट्रांजिट हॉस्टल पूर्ण रूप से तैयार हो गया है। 22.22 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परिसर अब पुलिस विभाग को सौंपे जाने की प्रक्रिया में है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यह हॉस्टल बनाया गया है। मोहल्ला बेगमपुरा में पुलिस विभाग को आवंटित भूमि पर यह परिसर सुरक्षा कर्मियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास प्रदान करेगा। ट्रांजिट हॉस्टल में कुल 38 बैरक हैं, जिनकी क्षमता 6 व्यक्तियों प्रति बैरक है। इससे कुल 228 जवानों को एक साथ रहने की सुविधा उपलब्ध होगी। परिसर में चार ब्लॉक बनाए गए हैं।

बेसमेंट में है पार्किंग, बाकी तल पर बैरक

बेसमेंट में स्टोर और मल्टीपरपज हॉल, दो और चार पहिया वाहन पार्किंग, भूतल पर 18 बैरक, शौचालय ब्लॉक, कमरे, किचन और डाइनिंग हॉल, प्रथम तल पर 20 बैरक, अतिरिक्त शौचालय और आवासीय सुविधाएं, हॉस्टल पूरी तरह से सिविल कार्यों के साथ तैयार है। वर्तमान में कार्य पूर्ण हस्तांतरण हेतु औपचारिक प्रक्रिया चल रही है। इसका वित्त-पोषण उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा किया गया। कार्य की शुरूआत 15 अक्टूबर 2024 को हुई थी और निर्धारित समयावधि में पूरा कर लिया गया।

जवानो के प्रति सम्मान भी है यह हॉस्टल

यह ट्रांजिट हॉस्टल केवल एक इमारत नहीं, बल्कि उन जवानों के प्रति सम्मान है जो रामनगरी की सुरक्षा में 24 घंटे तैनात रहते हैं। अयोध्या में बढ़ते पर्यटन, धार्मिक आयोजनों और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए ऐसे आधुनिक आवासीय परिसर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

इसे भी पढ़े  कांग्रसियों ने हर्षाेल्लास के साथ मनाया राहुल गांधी का जन्मदिन

अब सुरक्षा कर्मी बेहतर वातावरण, स्वच्छ आवास, उचित खान-पान और आरामदायक रहन-सहन की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग द्वारा यह परियोजना बेहद गुणवत्ता के साथ पूरी की गई है। परिसर में प्राकृतिक रोशनी, वेंटिलेशन और आधुनिक सिविल डिजाइन का पूरा ध्यान रखा गया है, जो लंबे समय तक टिकाऊ रहे।

अत्याधुनिक शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद सुरक्षा की चुनौतियां बढ़ी हैं। ऐसे में जवानों के लिए बेहतर आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं और आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

लोक निर्माण विभाग खंड 2 के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि बेगमपुरा ट्रांजिट हॉस्टल इसी दिशा में एक ठोस कदम है। इस परिसर के पूरा होने से जवानों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपनी ड्यूटी और भी बेहतर तरीके से निभा सकेंगे।

यह परियोजना अयोध्या को न सिर्फ धार्मिक नगरी बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी अत्याधुनिक शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। जल्द ही औपचारिक उद्घाटन के बाद हॉस्टल को चालू कर दिया जाएगा, जिससे सुरक्षा कर्मियों को तत्काल लाभ मिल सकेगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya