बेवफाई से आहत पति ने पत्नी व प्रेमी पर देसी बम से किया हमला

by Next Khabar Team
3 minutes read
A+A-
Reset

एक के बाद एक तीन बमों के फेंके जाने से फैल गयी दहशत, घायलों को श्रीराम अस्पताल में कराया गया भर्ती

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या के कांशीराम कालोनी में पति ने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ देखकर बौखला गया और प्रेमी के ऊपर बम से हमला कर दिया। पति ने एक-एक कर तीन हथगोले प्रेमी पर मारे, जिसमें से दो फटे और एक नहीं फट सका। घटना में प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि पत्नी को भी मामूली चोटें आई। अति संवेदनशील अयोध्या में बम धमाकों की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसपी सिटी, अयोध्या सीओ, एसपी सुरक्षा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक आरोपी पति फरार हो चुका था। पुलिस ने घायल प्रेमी व पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाली अयोध्या के रायगंज चौकी क्षेत्र में परिक्रमा मार्ग पर स्थित काशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 52 के कमरा नंबर 829 में जय किशन उर्फ जालिम सिंह अपनी पत्नी के साथ रहता है। शनिवार की शाम करीब 6ः00 बजे वह काम से जब घर लौटा तो घर में अपनी पत्नी के साथ मनोज यादव निवासी मदरहिया कोतवाली अयोध्या को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। यह देख उसने आपा खो दिया और दोनों में बहस होने लगी। इसके बाद उसकी पत्नी और मनोज घर से निकल कर कॉलोनी के गेट पर आ गए। इस दौरान पति जालिम एक झोले में हथगोला लेकर आया और एक के बाद एक तीन हथगोले उसने मनोज के ऊपर फेंके। हथगोले की चपेट में आकर मनोज यादव बुरी तरह घायल हो गया जबकि जालिम की पत्नी भी मामूली रुप से घायल हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में एसपी सिटी विजय पाल सिंह, सीओ अयोध्या अमर सिंह, सीओ सिटी अरविंद चौरसिया, एसपी सुरक्षा त्रिभुवन नाथ तिवारी कई थानों की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल मनोज व महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी जालिम मौके से फरार हो गया। घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को मौके पर बिना दगा हुआ हथगोला मिला, जिसे बम स्क्वायड ने डिफ्यूज कर दिया। एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने बताया कि आशनाई के विवाद में यह घटना हुई है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की तलाश में टीम का गठन किया गया है।उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मौके पर मौजूद सुरेश यादव ने बताया कि यह घटना उसके सामने ही हुई है, मनोज उसके परिचित में था। सड़क पर उसे खड़ा देख वह अपनी स्कूटी रोक उससे बात ही कर रहा था कि इस दौरान बम से हमला हो गया। उसने बताया कि बम के तीन धमाकों के साथ धुएं का गुबार छा गया और उसे समझ में ही नहीं आया कि क्या हुआ। पुलिस के अनुसार पति व उसकी पत्नी के बीच बीते कई महीनों से विवाद चल रहा था। विवाद का कारण उसकी पत्नी का मनोज यादव के साथ अवैध संबंध था। इसको लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था और मारपीट भी होती थी।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya