दीपोत्सव की सफलता के लिए कुलपति ने राम की पैड़ी पर किया पूजन-अर्चन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-आराध्य श्रीराम के आशीर्वाद व स्वयंसेवकों के समर्पण से दीपोत्सव में पुनः स्थापित होगा नया विश्व रिकॉर्ड : डॉ. बिजेंद्र सिंह

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने दीपोत्सव-2026 को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से राम की पैड़ी पर मुख्य यजमान के रूप में मां सरयू एवं आराध्य प्रभु श्रीराम का विधिवत पूजन-अर्चन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सरयू मंदिर के पुजारी पं. नेत्रजा मिश्र ने पूरे विधि-विधान से दीपोत्सव की निर्विघ्न सफलता एवं मंगल कामना के साथ पूजन संपन्न कराया।

पूजनोपरांत उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि दीपोत्सव सनातन संस्कृति की आभा, जन-जन की आस्था और सामूहिक निष्ठा का महापर्व है। प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद और हमारे कर्मठ स्वयंसेवकों के अथक परिश्रम से अयोध्या एक बार फिर विश्व पटल पर स्वर्णिम कीर्तिमान रचेगी।
श्रीरामलला के भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत देश-दुनिया की दृष्टि अयोध्या के दीपोत्सव पर टिकी रहती है। यह हम सभी का सौभाग्य है कि हमें इस ऐतिहासिक अनुष्ठान का वाहक बनने का अवसर मिला है। हमारा लक्ष्य केवल रिकॉर्ड बनाना ही नहीं है बल्कि अयोध्या की आध्यात्मिक गरिमा और ऊर्जा को पूरी दुनिया में जन जन तक पहुँचाना है। हर वालंटियर का एक-एक दीया आस्था और राष्ट्रभक्ति के संकल्प का प्रतीक है।

दीपोत्सव को त्रुटिहीन एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कुलपति ने बताया कि दीपोत्सव में सहभागिता करने वाले स्वयंसेवकों का विशेष प्रशिक्षण विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न संकायों एवं विभागों में निरंतर जारी है।
प्रशिक्षण सत्रों में स्वयंसेवकों को घाटों पर दीयों को निर्धारित खांचों (ग्रिड) में करीने से सजाने, तेल व बाती के समुचित प्रबंधन, समय प्रबंधन तथा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के तय मानकों के अनुरूप कार्य करने के व्यावहारिक गुर सिखाए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़े  कबीर साहेब के विचारों में छिपा है समाज कल्याण का मार्ग : परीक्षा साहेब

कुलपति ने बताया कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में इस बार 30 लाख से अधिक दीए बिछाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन और दीपोत्सव समिति द्वारा घाटों पर मार्किंग, तेल व दीयों के आवंटन सहित सभी व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आवासीय परिसर, संबद्ध महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के 35,000 से अधिक स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से जुटेंगे।
सभी के समवेत प्रयास से इस दीपोत्सव में इस बार विश्वविद्यालय अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

इस पावन पूजन कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह, दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र, प्रो. नीलम पाठक, प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. सी. के. मिश्र, प्रो शैलेंद्र कुमार, डॉ. विनोद कुमार चौधरी, डॉ. दिवाकर त्रिपाठी, डॉ. विजेन्दु चतुर्वेदी, डॉ. त्रिलोकी यादव, डॉ. दिनेश कुमार सिंह, डॉ. अनुराग सोनी, आलोक तिवारी, डॉ. राजेश सिंह, आशीष मिश्र सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya