-सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा मरम्मत कार्यों को समय से पूरा कराने के दिए निर्देश
अयोध्या। दीपोत्सव महोत्सव-2026 को भव्य, दिव्य, सुव्यवस्थित एवं सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन, नगर आयुक्त जयेंद्र, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रमुख कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हेलीपैड रामकथा पार्क, रामकथा मैदान, राम की पैड़ी, श्री सरयू घाट, साकेत महाविद्यालय मैदान सहित अन्य प्रमुख कार्यक्रम स्थलों पर दीपोत्सव से संबंधित तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों पर चल रहे मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी स्थलों पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आयोजन के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, जिससे दीपोत्सव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियों की नियमित निगरानी करने तथा शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि दीपोत्सव महोत्सव-2026 को भव्य, दिव्य एवं गरिमामय स्वरूप में सकुशल सम्पन्न कराया जा सके।