-निरीक्षण को पहुंचे सिंचाई बंधु उपाध्यक्ष कमला शंकर पाण्डेय
सोहावल। जिला मुख्यालय से बत्तीस किलोमीटर दूर लखनऊ रोड पर रामनगर धौरहरा गांव के उत्तर सरयू नदी के बंधे पर प्रस्तावित पंपिंग स्टेशन के कार्य की प्रगति का सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर जुटे किसानों ने निर्माण कार्य की कच्छपगति पर आक्रोश जताया। उपाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया है कि यह मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। मई तक यह काम पूरा कराया जायेगा।
जिला सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष कमला शंकर पाण्डेय ने पंपिंग स्टेशन पर उपस्थित बाढ़ खण्ड और सिंचाई विभाग के इंजीनियर्स को इस सम्बन्ध में निर्देश दिए। सहकारी गन्ना समिति डायरेक्टर के प्रतिनिधि संजीव सिंह,भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र प्रताप सिंह बल्ले भी निरीक्षण में साथ मौजूद रहे। स्थानीय किसानो में राघवेन्द्र सिंह, नीलू तिवारी, पूर्व प्रधान हरि करन सिंह आदि ने निर्माण की कच्छप गति पर आक्रोश जताया और कहा कि अभी तक सिविल कार्य का पांच प्रतिशत ही हुआ है।
जबकि सत्रह करोड़ से अधिक की राशि अवमुक्त हो चुकी है। किसानों ने कहा कि यह पंपिंग चालू हो जाने से साढ़े आठ हजार बीघा से अधिक खेत दो फसली हो जायेगा। किसान नेता भूपेन्द्र सिंह बल्ले ने बताया कि हजारों बीघे कृषि भूमि जलभराव से मुक्त होकर खेती के काम आयेगी। जिसमें तीन विधानसभा क्षेत्र बीकापुर, रुदौली व दरियाबाद सम्मिलित है। दस हजार की आबादी इससे जुड़ी है।