-NRI विवेक तिवारी ने जिलाधिकारी अयोध्या से चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं सड़क सुरक्षा की मांग उठाई

अयोध्या। हैदरगंज बाजार से होकर गुजरने वाले तारुन-घोपा मार्ग तथा भीटी-बेरुगंज मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा एक बार फिर प्रमुखता से सामने आया है। दुबई, UAE में रहने वाले NRI एवं ग्लोबल अवधी कनेक्ट के संस्थापक विवेक तिवारी, निवासी मलावन (टकटकवा), ने जिलाधिकारी अयोध्या से मुलाकात कर इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक सुधार कार्य कराए जाने की मांग उठाई।
विवेक तिवारी ने जिलाधिकारी के समक्ष कहा कि हैदरगंज बाजार से होकर गुजरने वाले तारुन-घोपा मार्ग और भीटी-बेरुगंज मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग हैं, लेकिन लंबे समय से इनकी स्थिति संतोषजनक नहीं है। सड़क पर जगह-जगह टूट-फूट, गड्ढे और जलभराव की समस्या के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि तारुन-घोपा मार्ग तथा भीटी-बेरुगंज मार्ग का प्राथमिकता के आधार पर सर्वेक्षण कराकर चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाए।
विवेक तिवारी ने इन दोनों मार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर सड़क सुरक्षा संकेतक, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवश्यक बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा उपाय किए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि हैदरगंज बाजार से होकर गुजरने वाले इन मार्गों पर स्थानीय एवं क्षेत्रीय यातायात का दबाव देखते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विदेश में रहने के बावजूद उनका अपने गांव और क्षेत्र से गहरा जुड़ाव है। क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए हर संभव स्तर पर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।
विवेक तिवारी ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी अयोध्या इस जनहित के महत्वपूर्ण विषय का शीघ्र संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे। उन्होंने कहा कि तारुन-घोपा एवं भीटी-
बेरुगंज मार्ग के बेहतर और सुरक्षित होने से हैदरगंज बाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के आवागमन और व्यापार को बड़ी सुविधा मिलेगी।