-दो डंपर व दो ट्रॉली सामान जब्त
अयोध्या। नगर निगम अयोध्या ने रामपथ को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान उदया चौराहा से लता चौक तक फुटपाथ और सड़क किनारे रखे ईंट, मलवा, ठेला तथा अन्य अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई में कुल दो डंपर और दो ट्रॉली सामान जब्त किया गया।
अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने किया। उनके साथ ईटीएफ टीम के प्रभारी अमरजीत तथा उनकी टीम मौजूद रही। इस दौरान फुटपाथ पर वाहन खड़े करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में ट्रैफिक इंस्पेक्टर भी शामिल रहे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों का चालान किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यातायात सुगम बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।