-परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से लिया जायजा
अयोध्या। पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के साथ मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन में शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा समय से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र के साथ निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना चाहिए ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्र परिसर एवं उसके आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों में उपलब्ध संसाधनों का भी परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा अव्यवस्था को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के प्रथम दिन जनपद के 12 केन्द्रों पर आयोजित हुयी, जिसमें प्रथम पाली में कुल 5136 अभ्यार्थियों में से 4037 अभ्यार्थी (78.60 प्रतिशत) उपस्थित रहें तथा 1099 अभ्यार्थी (21.40 प्रतिशत) अनुपस्थित रहें। इसी क्रम में द्वितीय पाली में कुल 5136 अभ्यार्थियों में से 4160 अभ्यार्थी (81.00 प्रतिशत) उपस्थित रहें तथा 976 अभ्यार्थी (19.00 प्रतिशत) अनुपस्थित रहें।