– आवेदक ने जिला प्रशासन के प्रति जताया आभार
अयोध्या,। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की दिशा में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की संवेदनशील पहल का एक उल्लेखनीय उदाहरण सामने आया है। लगभग 41 वर्षों से लंबित एक वाद का प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद त्वरित रूप से निस्तारण किया गया।
आवेदक ने अपनी समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी को 30 जून 2026* को प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया। प्रकरण की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वाद की नियमित सुनवाई कराते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन के त्वरित एवं प्रभावी हस्तक्षेप के परिणामस्वरूप संबंधित अधिकारी द्वारा प्रकरण की नियमित रूप से दिन-प्रतिदिन सुनवाई की गई और लगभग 41 वर्षों से लंबित वाद का 31 अगस्त 2026 को निस्तारण** कर दिया गया। भगवती प्रसाद यादव, निवासी ग्राम एवं पोस्ट सेवदारा, जनपद अयोध्या का प्रकरण लंबे समय से लंबित था। वाद के लंबित रहने के कारण आवेदक एवं उनके परिवार को लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा।
भगवती प्रसाद यादव ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चार दशकों से अधिक समय से लंबित प्रकरण का इतने कम समय में निस्तारण उनके और उनके परिवार के लिए केवल प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि लंबे समय से प्रतीक्षित न्याय की प्राप्ति के समान है। उन्होंने प्रशासन की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय, न्यायप्रिय दृष्टिकोण तथा जनसमस्याओं के प्रति उत्तरदायी कार्यशैली की सराहना की।
*भगवती प्रसाद यादव ने प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिवार द्वारा इस संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई को सदैव याद रखा जाएगा।**