विकास योजनाओ में गुणवत्ता के साथ लाई जाएगी तेजी : शशांक त्रिपाठी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-जिलाधिकारी ने प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं, पर्यटन, यातायात व प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर दी जानकारी

अयोध्या। प्रेस क्लब सिविल लाइन अयोध्या में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जिले की प्रमुख विकास परियोजनाओं, पर्यटन, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में चौदह कोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण शामिल है। पंचकोसी परिक्रमा से पहले इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। परियोजना की लगातार निगरानी की जा रही है और अब केवल फिनिशिंग का कार्य शेष है।

श्रद्धालुओं के अयोध्या में ठहराव को लेकर चलाई गई पर्यटन सुविधाओं हाटएयर बैलून, हेलीकाप्टर से अयोध्या भ्रमण तथा सरयू में क्रूज के बंद होने पर कहा कि सरयू में जलस्तर असामान्य रहता है। जिसके कारण वाटर मेटो व क्रूज के संचालन में दिक्कत आती है। यहां बांध के निर्माण के लिए प्रोजेक्ट शासन स्तर पर लम्बित है। सिचाई विभाग द्वारा संचालित इस परियोजना की स्वीकृत के उपरान्त वाटर मेट्रो तथा क्रूज जैसी पर्यटन सुविधाओं संचालन ठीक प्रकार से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या के विकास के लिए सरकार लगातार बजट उपलब्ध करा रही है। मीडिया सेंटर के उपयोग के संबंध में पूछे गए सवाल पर जिलाधिकारी ने बताया कि उपनिदेशक सूचना को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही मीडिया सेंटर का प्रभावी उपयोग शुरू कराया जाएगा।

सावन झूला मेले का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह अपने आप में अनूठा और सामूहिक आस्था का उत्सव है। अयोध्या आने के बाद उन्हें इस परंपरा की विशेष जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि इस बार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। रामपथ पर पार्किंग और अव्यवस्थित वाहनों की समस्या पर उन्होंने बताया कि मार्ग पर दो-तीन स्थानों पर पार्किंग विकसित की जा रही है तथा अन्य उपयुक्त स्थलों का भी चयन किया जा रहा है।

इसे भी पढ़े  मंडलायुक्त ने चौदहकोसी व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर पौधारोपण कार्य का किया निरीक्षण

इससे जल्द ही यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में रिंग रोड का निर्माण अगले एक से डेढ़ वर्ष में पूरा होने की उम्मीद है। एक प्रश्न के उत्तर में जिलाधिकारी ने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ किया गया कार्य हमेशा समाज के हित में होता है। उन्होंने अपने अब तक के प्रशासनिक कार्यकाल में किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव का सामना न करने की बात भी कही। कार्यक्रम का संचालन वीएन दास ने किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर जिलाधिकारी को वरिष्ठ पत्रकार जेपी तिवारी अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास्तव व सचिव जेपी सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तो प्रेस क्लब की ओर से रामलला का स्मति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में त्रियुग नारायण तिवारी,स्वरमिल चंद्रा राजेन्द्र प्रसाद पांडेय, राम कुमार सिंह केबी शुक्ला, ओपी सिंह, सुरेंद्र सिंह, रवि पाठक, पवन मिश्रा, अमित मित्रा, राकेश यादव, विवेकानन्दन पाण्डेय रूपेश श्रीवास्तव सहित बडी संख्या में प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों की मौजूदगी रही।

जनसुनवाई की शिकायतों का हो रहा त्वरित निस्तारण, अवैध अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुगम

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशों के क्रम में सभी विभागीय अधिकारी जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध एवं संतुष्टि परक निस्तारण सुनिश्चित कर रहे हैं। इसी क्रम में जनसुनवाई के दौरान तहसील सदर के ग्राम डाभासेमर निवासी द्वारा अपनी दुकान के सामने रखी गुमटियों को हटवाने संबंधी प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सामने प्रस्तुत किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (एएचओ) पूराकलंदर को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में अभियान चलाकर 10 अवैध दुकानें एवं अतिक्रमण हटाए गए, जिससे आवागमन सुगम हुआ। साथ ही दुकानों के सामने संचालित अवैध होटलों को भी हटाने के निर्देश दिए गए।

इसे भी पढ़े  अयोध्या मंडल के पर्यटन विकास को मिलेगी नई दिशा, 110 करोड़ रुपये की 41 परियोजनाओं पर मंथन

इसी प्रकार तहसील सदर के ग्राम सरायरासी निवासी द्वारा चकमार्ग की पैमाइश कराने संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर एवं खंड विकास अधिकारी पूरा बाजार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अनुपालन में राजस्व टीम, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में चकमार्ग की निशानदेही कर भूमि ग्राम प्रधान को मिट्टी पटाई हेतु सुपुर्द कर दी गई। ग्राम प्रधान को नियमानुसार कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

तहसील सोहावल के ग्राम घाटमपुर निवासी द्वारा परवाना अमलदरामद खतौनी में दर्ज कराने संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप संचालक चकबंदी को कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच उपरांत संबंधित परवाना अमलदरामद का खतौनी में विधिवत अंकन करा दिया गया। वहीं तहसील मिल्कीपुर के ग्राम मलेथू बुजुर्ग निवासी द्वारा सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर भूमि सत्यापन संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर एवं जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताया कि संबंधित कृषक के नाम 24.00 कुंतल गेहूं की खरीद की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों तथा दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित जनसमस्याओं को किसी भी स्तर पर लंबित रखना या उनके निस्तारण में लापरवाही बरतना स्वीकार्य नहीं होगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya