सोहावल। प्रशासनिक दुर्व्यवस्था का शिकार बने ढेमवा पुल पर एक फिट से ज्यादा पानी भर गया। लगातार हो रही बरसात का पानी पुल से नीचे नहीं जा रहा। पानी निकलने के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं। आवागमन करने वाले पैदल यात्रियों के साथ दुपहिया वाहनों के यात्री जान जोखिम में डालकर आ जा रहे हैं। जल भराव से पुल के बीच में पड़ी रबर पट्टी से पानी रिसाव के कारण पुल में जगह-जगह झड़ी बनने की आशंका जताई जा रही है।
2018 में 144 करोड़ से ज्यादा लागत से बना 1100 मीटर लंबा यह पुल नेशनल हाईवे 27 और गोंडा जनपद के नवाबगंज को जोड़ता है। गोण्डा की ओर जाने वाली पुल की अप्रोच सड़क 3 वर्ष पहले सरयू की बाढ़ में कटकर बह गई। लेकिन दोनों जनपदों के लोगों का आना-जाना बंद नहीं हुआ बरसात में नाव के सहारे लोग नदी पार करने लगे तो गर्मी के दिनों में नदी की बीचो-बीच से रास्ता बना कर अब आवागमन जारी है।
लगातार तीन दिनों से हो रही है अनवरत बरसात का पानी पुल से निकल नहीं पा रहा। इसके निकलने के सारे रास्ते पर रिंग रोड निर्माण में बालू मिट्टी लेकर आ जा रहे वाहनों से गिरी मिट्टी ने सड़क के दोनों किनारे बांध का स्वरूप ले लिया है। समूचे पुल पर गहरा पानी तैर रहा है। पुल पर पानी के जल भराव से न सिर्फ पुल की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है बल्कि आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है।