चक्रवाती तूफान ने मचाई तबाही महिला की मौत, 15 घायल

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

विद्युत आपूर्ति ठप्प, सैकड़ो विद्युत पोल, व पेड़ हुए धराशाही

फैजाबाद। चक्रवाती तूफान ने इस कदर तबाही मचाई जिसके चलते सैकड़ो विद्युत पोल व पेड़ धराशाही हो गये। टीन टप्पर व झोपड़ियां उड़कर काफी दूर जा गिरे। चक्रवाती तूफान की चपेट में आने से जहां एक महिला की दर्दनाक मौत हो गयी वहीं 15 अन्य लोग घायल हो गये जिनमें से चार का उपचार जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है। माना जा रहा है कि तूफान की चपेट में आने से घायलों की संख्या सैकड़ो है जिन्होंने अपना उपचार प्राइवेट चिकित्सालय में करवाया है।
तूफान के कारण विद्युत आपूर्ति तार टूटने से पूरी तरह ठप्प हो गयी गुरूवार को समाचार भेजे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पायी थी जिसके कारण लोग नहाने और पीने के पाने के लिए तरस गये। सार्वजनिक हैण्डपम्पों पर पानी के लिए सुबह से ही कतारे दिखाईं पड़ने लगीं। सड़क व रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस का इंजन जहां बेपटरी हो गया वहीं सोहावल से लेकर अकबरपुर रेल मार्ग पर बड़े-बड़े वृक्ष गिर गये। पटरी पर गिरे पेड़ों को हटाने में लगभग 10 घंटे का समय लगा तब जाकर रेल यातायात बहाल हो पाया। कुछ ट्रेनों को डायवर्ट भी किया गया। चक्रवाती तूफान जब आया तो एक विशालकाय पेड़ कच्चे मकान पर गिर गया मकान में रह रही 45 वर्षीया श्रीमती पत्नी मुन्नू लाल निवासिनी मुमताजनगर थाना कैंट लगभग एक घंटे मलबे में दबी रही। तूफान थमने के बाद लोगों ने महिला को निकाला और जिला चिकित्सालय लेकर आये जहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मकान व पेड़ की डाल की चपेट में आने से जो लोग घायल हुए उनमे से 15 लोगों को जिला चिकित्सालय लाया गया। कुमारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धमथुआ निवासी 28 वर्षीय युवक रोंधेलाल पुत्र रामलगन तूफान जब आया तो सामान उतारने के लिए छत पर चढ़ा था। हवा इतनी तेज थी कि उसके पांव उंखड़ गये और वह छत से नीचे आ गिरा गम्भीर रूप से घायल युवक का इलाज जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है इसके अलावां 18 वर्षीय आर्यन रावत पुत्र राम लखन निवासी मिल्कीपुर, 18 वर्षीय सुजीत पुत्र सुग्रीव निवासी गुप्तारघाट थाना कैंट, 18 वर्षीय अनूप कुमार निषाद पुत्र नवमी निवासी ग्राम पलिया साहबदी व 26 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार पुत्र बृजलाल निवासी ग्राम गंगौली थाना पूराकलन्दर जो गम्भीर रूप से घायल हैं का इलाज जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है। अन्य घायलों मे 60 वर्षीया तारा देवी पत्नी परमदेव निवासी बेगमगंज गढ़ैया, 30 वर्षीय गुरू प्रसाद पुत्र रामचन्दर निवासी नयापुरवा, 30 वर्षीय राजकरन पुत्र संतोष निवासी बनकऊ मवई, 17 वर्षीय रमेश पाण्डेय पुत्र बृजेश निवासी चांदपुर, 20 वर्षीय शुभेन्द्र सिंह पुत्र राजेश सिंह मानव निवासी जनौरा, 40 वर्षीय किरन पत्नी स्व. गणेश निवासी चैक, 24 वर्षीय इमरान पुत्र मो. उस्मान निवासी बछड़ा सुल्तानपुर, 3 वर्षीय सिमरा पुत्री अबू तालिब निवासी भदोखर पूराकलन्दर, 24 वर्षीय निकहत फातिमा पुत्री काजी अबुल कलाम व 18 वर्षीय रहमत पुत्र अबुल कलाम निवासीगण भदोखर शामिल हैं। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिसमें मंडलायुक्त जिलाधिकारी और कप्तान सम्मिलित थे, अस्पताल का निरीक्षण किया घायलों का हालचाल जाना और उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya