पूरे विश्व की निगाह वर्तमान समय में अयोध्या पर : लल्लू सिंह
अयोध्या। नगर निगम अयोध्या में विकास की अवधारणा को सम्बल प्रदान करने व जनअपेक्षाओं पर खरा उतरने की प्रभावी रणनीति का खाका तैयार करने के उद्देश्य से पार्टी कार्यालय में पार्षदों की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में सांसद लल्लू सिंह व महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने पार्षदों को कर्मठता व पारदर्शिता का पाठ पढ़ाया। जनता के प्रति जवाबदेह होने की शिक्षा प्रदान की। इससे पहले नवनिर्वाचित महानगर जिलाध्यक्ष का पार्षदों स्वागत किया।
सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि पूरे विश्व की निगाह वर्तमान समय में अयोध्या पर टिकी है। केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा वैश्विक स्तर पर अयोध्या को पयर्टन नगरी के रुप में विकसित करने के कई योजनाएं प्रदान की गयी है। अयोध्या को उसकी गरिमा व महिमा के अनुरुप विकसित करने के लिए सरकार कटिबद्ध है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम उसमें अपना महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित करें। महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कहा कि जनता का सबसे ज्यादा जुड़ाव अपने क्षेत्र के पार्षद के साथ होता है। इस कारण उसकी अपेक्षा भी पार्षदों के प्रति काफी ज्यादा होती है। नगर निगम को आदर्श स्वरुप में लाने के लिए स्वयं की भूमिका व जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी। इलाके के लोगो से लगतार संवाद के माध्यम से जुड़ाव रखना होगा। अपने क्रियाकलाप को पूरी तरह से पारदर्शी रखना होगा। योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दिया जाना सुनिश्चित करना चाहिए। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं को नगर निगम लगातार पूरा करने का प्रयास कर रहा है। सभी क्षेत्रों में तीव्र गति से प्रगति हो रही है। बुनियादी सुविधाओं को प्रदान करने के साथ क्षेत्र में सौन्द्रयीकरण के प्रयास भी किये जा रहे है। इस अवसर पर नगर निगम के सभी पार्षद मौजूद रहे।