-कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचे
अयोध्या। गुरूवार को सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय के सामने अचानक सड़क धंसने से अफरा-तफरी मच गई। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के पास हुई इस घटना में सड़क करीब 100 मीटर तक धंस गई, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया और राहगीरों व वाहन चालकों को खतरे का सामना करना पड़ा। कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे दुकानें खुलने के दौरान सड़क में दरारें दिखाई देने लगीं और देखते ही देखते बड़ा हिस्सा धंस गया। शाम 4ः30 बजे तक मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। करीब 5 बजे जेसीबी मशीन के जरिए धंसे हुए हिस्से के आगे मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से रास्ता समतल किया गया, लेकिन कुछ देर बाद मशीन भी वहां से हटा ली गई। इससे क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
गौरतलब है कि इसी मार्ग से भाजपा कार्यालय अयोध्या कैंट और अधिकारियों के आवासों तक आवागमन होता है। ऐसे में सड़क धंसने से न सिर्फ आम जनता बल्कि प्रशासनिक आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोग राजेंद्र सिंह और राम प्यारे का कहना है कि धंसे हुए हिस्से का दायरा धीरे-धीरे लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल स्थायी मरम्मत कराने, सुरक्षा घेरा बनाने और यातायात को सुरक्षित करने की मांग की है।