मतगणना तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों ने की बैठक
अयोध्या। भाजपा ने मतगणना हेतु तैयारियां पूर्ण कर ली है। मतगणना के दिन पार्टी कार्यालय पर कंट्रोल रुम स्थापित किया जायेगा। कन्ट्रोल रुम में आईटी, लीगल तथा मीडिया के एक्सपर्ट मौजूद रहेंगे। मतगणना के लिए 22 जून की शाम अभिकर्ताओं हेतु एक कार्यशाला आयोजित होगी। मतगणना की तैयारियों की लेकर एक बैठक हुई। बैठक में पदाधिकारियों ने बूथों की समीक्षा के अनुसार ऐतिहासिक जीत का दावा किया।
लोकसभा संयोजक डा बांके बिहारी मणि त्रिपाठी ने कहा कि एक्जिट पोल के आने के बाद विपक्षी दल अभी से हार का जिम्मेदार ईवीएम को साबित करने में लग गये है। इस तरह की अफवाहों को फैलाना उनकी बौखलाहट को दर्शाता है। इस बार मतदाताओं ने जाति धर्म से उपर उठकर योजनाओं से मिले लाभ से प्रसन्न होकर मतदान किया है। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या जनपद के विकास की अवधारणा को योजनाओं की श्रंखलाओं के माध्यम से अपेक्षित स्वरुप में लाने का प्रयास किया गया है। जनता का इसमें भरपूर सहयोग मिला। अयोध्या अपनी महिमा और आभा के अनुरुप दिखाई देगी। जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल ने बताया कि मतगणना की सभी तैयारियां पूरी करके जिम्मेदारों को कागजात सौंप दिये गये है। बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों से मिली मतदान तक की जानकारी व जनता में उत्साह की समीक्षा करने के उपरान्त यह सामने आया है कि फैजाबाद लोकसभा में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है।
मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह ने बताया कि मतगणना अभिकर्ताओं के लिए 22 जून की शाम 5 बजे पार्टी कार्यालय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया है। जिसमें अभिकर्ताओं को व्यवस्था, तकनीक व प्रशासनिक विषयों से सम्बंधित जानकारी दी जायेगी। मतगणना के लिए स्थापित कंट्रोल रुम में महापौर ऋषिकेश उपाध्याय तथा विधायकों में वेद प्रकाश गुप्ता, इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू, रामचन्दर यादव, गोरखनाथ बाबा, शोभा सिंह मौजूद रहेंगी। यहां से मतगणना स्थल व चुनाव आयोग से सम्पर्क स्थापित करने के साथ पल पल की जानकारी ली जाती रहेगी। बैठक में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, ओम प्रकाश सिंह, संजीव सिंह सहित इलेक्शन एजेन्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।