संवर रही अयोध्या पुलिस लाइन, एक करोड़ से बनेगा आधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-पुलिसकर्मियों और परिवारों को मिलेगी बेहतर खेल सुविधा, दो सड़कों के निर्माण पर खर्च होंगे एक करोड़ रुपये

अयोध्या। अयोध्या में विकास की रफ्तार अब पुलिस लाइन परिसर तक भी पहुंच रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर खेल और आवागमन की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। शहर की पुलिस लाइन में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण चल रहा है। इसके साथ ही परिसर की दो प्रमुख सड़कों को भी नए सिरे से तैयार किया जा रहा है।

इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर खेल सुविधा मिलेगी, जबकि दोनों सड़कों के निर्माण से पुलिस लाइन परिसर में आवागमन और सुगम होगा। दोनों सड़कों पर करीब 50-50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन सभी विकास कार्यों की जिम्मेदारी अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने संभाली है।निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और दीपोत्सव के बाद इसके पूरा होने की उम्मीद है। करीब दो करोड़ रुपये के इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद पुलिस लाइन परिसर को आधुनिक स्वरूप मिलने के साथ पुलिसकर्मियों को खेल और आवागमन से जुड़ी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा इंडोर बैडमिंटन कोर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकास योजनाओं के तहत अयोध्या में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ पुलिस लाइन परिसर को भी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। एडीए की ओर से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है।कोर्ट को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें बेहतर फ्लोरिंग, प्रकाश व्यवस्था समेत खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निर्माण पूरा होने के बाद पुलिसकर्मी यहां नियमित अभ्यास के साथ प्रतियोगिताएं और टूर्नामेंट भी आयोजित कर सकेंगे। इससे पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के साथ खेल गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा और शारीरिक फिटनेस बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

इसे भी पढ़े  कार सवार दो शराब तस्कर गिरफ्तार, लगभग 140 लीटर शराब बरामद

दो सड़कों पर खर्च होंगे एक करोड़ रुपये

पुलिस लाइन परिसर की दो प्रमुख सड़कों का निर्माण भी जारी है। प्रत्येक सड़क पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। दोनों सड़कों के तैयार होने के बाद परिसर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन और आसान होगा। पुलिसकर्मियों के साथ यहां आने वाले लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़कों के निर्माण से पुलिस लाइन की आंतरिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सुविधाओं के साथ आवागमन भी होगा सुगम

अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने बताया कि इंडोर बैडमिंटन कोर्ट और सड़कों का निर्माण सकारात्मक कदम है। इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर खेल सुविधा मिलने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा। कोर्ट तैयार होने के बाद यहां नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। वहीं, सड़कों के निर्माण से पुलिस लाइन परिसर के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने में आसानी होगी। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे इन विकास कार्यों से पुलिस लाइन परिसर को आधुनिक स्वरूप मिलेगा। निर्माण कार्य वर्तमान में जारी है और दीपोत्सव के बाद इसके पूरा होने की उम्मीद है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya