-फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे बदलेगी तस्वीर, विकसित होगा खेल और मनोरंजन केंद्र, जीआईसी से फतेहगंज मार्ग पर बच्चों का पार्क और क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया होगा तैयार
अयोध्या। रामनगरी अब स्मार्ट सिटी योजना के तहत खेल सुविधाओं और शहरी विकास की नई मिसाल पेश करने जा रही है। जीआईसी से फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे एक नया मिनी क्रिकेट मैदान और बच्चों का खेल क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 2.61 करोड़ रुपये तय की गई है। यह विकास कार्य न केवल स्थानीय बच्चों और युवाओं के लिए खेल की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि क्षेत्र की तस्वीर को पूरी तरह बदल देगा।
स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत प्रस्तावित इस कार्य में फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे की खाली पड़ी जगह का सदुपयोग किया जाएगा। वर्तमान में यह क्षेत्र अनुपयोगी पड़ा हुआ है, लेकिन अब यहां कंक्रीट पेवमेंट, बच्चों का पार्क, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया, सतह पार्किंग, लैंडस्केपिंग और विद्युत सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए जाएंगे।
मिनी क्रिकेट मैदान में प्रोफेशनल स्तर की नेट प्रैक्टिस सुविधा होगी, जिससे स्थानीय युवा और बच्चे बिना किसी बाधा के क्रिकेट का अभ्यास कर सकेंगे। बच्चों के पार्क में स्विंग, स्लाइड, सी-सॉ और अन्य आधुनिक खेल उपकरण लगाए जाएंगे। लैंडस्केपिंग के तहत सुंदर बगीचे, वॉकवे, बेंच और हरे-भरे पौधे लगाए जाएंगे, जो पूरे क्षेत्र को मनोरम बना देंगे। शाम के समय एलईडी लाइटिंग और आकर्षक विद्युत सज्जा से यह जगह पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन जाएगी।
स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। ओवरब्रिज के नीचे की जगह का उपयोग करके शहर में खेल-कूद और मनोरंजन की कमी को पूरा किया जा रहा है। यह परियोजना बहुउद्देशीय होगी, जहां बच्चे खेलेंगे, युवा प्रैक्टिस करेंगे, वहीं बुजुर्गों के लिए भी आरामदायक बैठने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था से आसपास के यातायात पर बोझ कम होगा और क्षेत्र में अनुशासन बनेगा।सौंदर्यीकरण के कार्य से फतेहगंज ओवरब्रिज के आसपास का पूरा इलाका आधुनिक और स्वच्छ दिखाई देगा।
बच्चों और युवाओं के लिए खेलकूद जरूरी
आज के समय में बच्चों का शारीरिक विकास और खेलकूद की आदत बहुत जरूरी है। स्कूलों के बाद या छुट्टियों में बच्चे अक्सर घरों में मोबाइल-टीवी तक सीमित रह जाते हैं। इस मिनी क्रिकेट मैदान और बच्चों के पार्क से उन्हें खुले में खेलने का माहौल मिलेगा। क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया से स्थानीय प्रतिभाएं उभर सकेंगी, जो भविष्य में जिला, राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर अयोध्या का नाम रोशन कर सकती हैं। समरसता को भी बढ़ावा देगी।अलग-अलग उम्र के लोग एक ही स्थान पर आकर खेल-कूद और मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित लाइटिंग और सीसीटीवी की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद बुनियादी ढांचे, पर्यटन और खेल सुविधाओं के विकास पर लगातार काम हो रहा है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत सड़कें, पार्क, ड्रेनेज, स्मार्ट लाइटिंग और अब खेल केंद्र हर क्षेत्र में प्रगति दिख रही है। 2.61 करोड़ रुपये की यह परियोजना न केवल खेल प्रेमियों के लिए बल्कि पूरे शहर के लिए एक नई सौगात साबित होगी। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।