डीसीएम में पीछे से टकराया ट्रेलर, खलासी घायल

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भिजवाया,दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया

मिल्कीपुर। अयोध्या रायबरेली हाईवे पर शनिवार की भोर बजे कुचेरा बाजार के आगे डीडी पब्लिक स्कूल के सामने डीसीएम और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया है। टक्कर इतना भीषण था कि दोनों वाहन हाईवे किनारे गड्ढे में जा गिरे। सूचना पर पहुंची एनएचएआई की 1033 एंबुलेंस से घायल को तत्काल जिला अस्पताल अयोध्या भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार झारखंड के पलामू जिले के नवा बाजार थाना क्षेत्र के ईटको निवासी अरुण कुमार रजत उम्र करीब 27 वर्ष डीसीएम में कानपुर से वाशिंग पाउडर लादकर बिहार जा रहा था। शनिवार तड़के वह इनायत नगर थाना क्षेत्र में कुचेरा बाजार के आगे डीडी पब्लिक स्कूल के सामने डीसीएम खड़ी कर लघुशंका करने लगा। इसी दौरान पीछे से गिट्टी लादकर गोरखपुर जा रहे ट्रेलर ने डीसीएम में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रेलर को अंबेडकर नगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के राज्जूपुर दरवन निवासी शिरकत अली चला रहा था। उसके साथ केबिन में बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के पीठिया निवासी 20 वर्षीय बबलू उर्फ कमरुल खलासी के रूप में मौजूद था। बताया गया कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रेलर अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों वाहन हाईवे किनारे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में खलासी बबलू उर्फ कमरुल के पैर में गंभीर चोट आई।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। दोनों वाहन लोड होने के कारण गड्ढे में फंसे हुए थे। सामान खाली कराने के बाद ही क्रेन की मदद से वाहनों को बाहर निकाला गया और यातायात बहाल हो सका।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya