-दिल्ली से ध्वज व कानपुर से बांस के डण्डे पहुंचे अयोध्या
अयोध्या। लोकसभा अयोध्या में सांसद लल्लू सिंह द्वारा पचास हजार राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया जायेगा। दिल्ली से ध्वज व कानपुर से बांस के डण्डे अयोध्या पहुंच चुके है। सहादतगंज चुंगी स्थित कैम्प कार्यालय में इनका निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके लिए 25 मजदूरों को लगाया गया है। निर्माण व वितरण कार्यक्रम का संयोजक ओम प्रकाश सिंह को बनाया गया है।
सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। आजादी के लिए अपना सबकुछ न्यौछावर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि देकर हमें उनके दिखाये रास्ते पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर राष्ट्रहित सर्वोपरि का भाव होना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान हमारी सामूहिक शक्ति का अहसास सम्पूर्ण विश्व को करायेगा। हर भारतीय की जिम्मेदारी है कि इस अभियान में स्वयं जुड़े और दूसरों को जुड़ने के लिए प्रेरित करें। अगर किसी के बीच में कोई वैचारिक मतभेद है तो उसे भुलाकर अभियान में अपने पूरे सामर्थ्य से योगदान देना हमारा कर्तव्य है। इस कर्तव्य को निभाने के लिए हर भारतवासी तैयार है।
कार्यक्रम संयोजक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज में दस हजार ध्वज अयोध्या महानगर में वितरित किये जायेंगे। पांच पांच हजार ध्वज का लोकसभा की अन्य विधानसभाओं में वितरण होगा। शेष बीस हजार ध्वज के लिए पूरी लोकसभा क्षेत्र में कई स्थान चिन्हित किये गये है। इन स्थानों पर सामूहिक रुप से तिरंगे का वितरण किया जायेगा।
उन्होने बताया कि महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने 3500 राष्ट्रीय ध्वज प्राप्त कर लिया है। शेष उन्हें जल्द प्रदान किया जायेगा। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने भी 3000 ध्वज प्राप्त कर लिये है। कैम्प कार्यालय में काफी तेजी से ध्वज का निर्माण किया जा रहा है। जल्द सभी स्थानों को तिरंगे की आपूर्ति कर दी जायेगी। महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जागरुकता के लिए पार्टी द्वारा कई आयोजन किये जा रहे है। जिसमें घर घर सम्पर्क, गोष्ठी, तिरंगा यात्रा शामिल है। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि अभियान को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौप दी गयी है। इस अवसर पर जिला प्रभारी पद्मसेन चौधरी, जिला महामंत्री राघवेन्द्र पाण्डेय, मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह, आकाश मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे।