in ,

सरयू नदी में स्नान के दौरान 15 डूबे, 6 की मौत, 3 लापता

– आगरा के सिकंदरा से रामनगरी अयोध्या का दर्शन करने आये थे चार परिवार

अयोध्या। सरयू नदी के गुप्तारघाट पर स्नान के दौरान आगरा के चार परिवार के 15 लोग तेज पानी में बह गए। जिसमें 06 की मौत हो गई वहीं तीन लोग लापता हैं। बचाव में गोताखोर, जलपुलिस के साथ एनडीआरएफ की टीम लगाई गई है। लखनऊ व बलरामपुर से राहत व बचाव दल देर शाम अयोध्या पहुंच जाएगा।

आगरा जनपद के सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर से चार परिवार के 15 लोग शुक्रवार को अयोध्या दर्शन के लिए पहुंचे थे। जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। पूरा परिवार घूमते हुए कम्पनी गार्डन पहुंचा। जहां गुप्तारघाट के दूसरे छोर पर कुछ महिलाएं स्नान के लिए नदी में उतरीं। वर्तमान में सरयू का बहाव काफी तेज है। सरयू में स्नान के दौरान ही गहरे पानी मे चले जाने से परिवार के 12 लोग सरयू की तेज धारा में बह गए। 03 लोग खुद बाहर आ गए।

लोगों के चीखने चिल्लाने पर गुप्तार घाट पर हड़कम्प मच गया। स्थानीय गोताखोर भी मदद में पहुंचे। कुछ लोगों ने पुलिस और प्रशासन को भी घटना की सूचना दी। जिसके बाद खलबली मच गई। मौके पर पहुंचे एसएसपी शैलेश पांडेय ने खुद कमान संभाल ली। थोड़ी ही देर में डीएम अनुज झा, कमिश्नर एमपी अग्रवाल भी पहुंचे। वहां पर जलपुलिस और गोताखोर सभी की खोजबीन में लगे हैं। जल पुलिस के साथ गोताखोरों ने डूबे हुए 12 लोगों में से सात को बाहर निकाला।इनमें एक ढाई वर्ष की बच्ची भी है। इनको जिला अस्पताल भेजा गया है। जहां 06 की मौत हो गई।

तेज बहाव के चलते हुई घटना

-स्नान के दौरान सरयू की तेज धार में स्नान कर रहीं महिलाएं बहने लगीं। उनकी चीख व डूबते देखकर परिवार के अन्य लोगों ने उनको बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। पहले से पानी में डूब रहे लोगों को बचाने के प्रयास में बाकी लोग भी काफी गहराई में चले गए। गुप्तार घाट पर एक साथ 15 लोगों के सरयू नदी में डूबने की सूचना पर जल पुलिस तुरन्त पहुंच गई। किसी तरह एक छह साल की बच्ची समेत तीन लोग तैर कर किनारे निकल गए और तीन लोगों को बचाया जा चुका है। जबकि चार लोगों की तलाश हो रही है। सरयू में स्नान के दौरान 15 लोगों के डूबने की सूचना पर हड़कम्प मच गया। आगरा के इन पूरे परिवार को बचाने के लिए सेना का बचाव दल भी नदी में उतरा। बताया जा रहा कि शुक्रवार सुबह चार परिवार के 15 सदस्य राम नगरी अयोध्या पहुंचे थे। यहां प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन के बाद रामपैड़ी होते हुए नया घाट पहुंचे। जहां से पांच हजार रुपये में स्टीमर करके कैंटोंमेंट क्षेत्र के कंपनीबाग गुप्तार घाट घूमने निकले। कम्पनी बाग से पैदल घूमते हुए सभी लोग गुप्तार घाट से करीब 200 मीटर दूर तक बने जमथरा घाट पहुंच गए। यहां स्नान करने नदी में उतर गए। 6 वर्षीय धैर्या समेत तीन लोग तैरकर बाहर आ गए। जबकि 12 लोग नदी में डूब गए।

मृतको की सूची-

1. ललित पुत्र अशोक 40
2. पंकज पुत्र अशोक 25
3. राज कुमारी पत्नी अशोक 61
4. श्रुति पुत्री देवेंद्र कुमार 20
5. सीता पत्नी सचिन 35
6. दृष्टि पुत्री सचिन 4 वर्ष

जीवित मिले लोग-

1. आरती पत्नी सतीश 35
2. गौरी पुत्री अशोक 28
3. धैर्या पुत्री ललित 7 वर्ष

पब्लिक ने बचाई जान-

1. सतीश पुत्र जग मोहन
2. नमन पुत्र सतीश
3. अशोक पुत्र नेमीचंद

तीन की तलाश जारी-

1. प्रियांशी पुत्री सतीश 16
2. जुली पुत्री अशोक 39
3. सार्थक पुत्र देवेन्द्र 16 की तलाश जारी

इसे भी पढ़े  डीएम ने सीएम डैश-बोर्ड के फ्लैगशिप प्रोजक्टों की किया समीक्षा

What do you think?

Written by Next Khabar Team

सरयू में स्नान के दौरान आगरा के परिवार के 12 लोग पानी में बहे, 6 को बचाया गया

विद्युत विभाग की लापरवाही से संविदा कर्मी की मौत