मिल्कीपुर। कुमारगंज थाना क्षेत्र के शिवा तिवारी का पुरवा अकमा कुमारगंज बहादुरगंज संपर्क मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घर के सामने सड़क पर पैदल जा रही बालिका को तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा ने टक्कर मार दी जिससे मौके पर बालिका की मौत हो गयी हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवा तिवारी का पुरवा अकमा निवासी राधेश्याम तिवारी की 10 वर्षीय नातिन दिव्या शुक्रवार को घर के सामने सड़क से पैदल कुमारगंज की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बहादुरगंज की ओर से आ रहे ऑटो रिक्शा संख्या यूपी 42 ई टी 7004 ने बालिका को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला पहिया बालिका के सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे में दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की भयावहता देखकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुमारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका को उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों, स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता संजय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य अंकित पांडेय, नगर पंचायत कुमारगंज के सभासद लोक कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
इस संबंध में कुमारगंज थाना अध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि शव का पंचायतनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलते ही मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।