अयोध्या। पुराकलंदर थाना क्षेत्र के भरतकुंड सरोवर में बुधवार को स्नान के दौरान हादसा हो गया। एक युवक की पानी में डूबने के कारण मौत हो गई।
मृतक की पहचान विकास साहू 19वर्ष पुत्र विजय कुमार उर्फ छोटेलाल निवासी लाला का पुरवा थाना हैदरगंज के रूप में हुई है।
बताया गया कि विकास साहू बीए की परीक्षा देने के लिए अयोध्या शहर स्थित परीक्षा केंद्र आया था। भीषण गर्मी और तपिश के कारण परीक्षा देकर वापस लौटते समय वह और उसके दोस्त लवकुश और अमर निषाद के साथ स्नान के लिए भरतकुंड स्थित सरोवर आया। इसी दौरान विकास का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया तथा डूब गया। दोस्तो और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे।
गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसको निकाला,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दोस्त अमर निषाद की ओर से जिला अस्पताल लाए जाने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि परीक्षा देकर वापस लौट रहे तीन दोस्त विकास साहू, लवकुश और अमर भरतकुंड सरोवर मे स्नान कर रहे थे। इसी दौरान विकास साहू हादसे का शिकार हो गया।