अयोध्या। जनपद की कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है, कानून व्यवस्था के मोर्चे पर प्रदेश सरकार फेल है। योगी सरकार में पुलिस की कार्यशैली ठीक नहीं है जिसके कारण जनपद सहित पूरे प्रदेश में अपराधों की बाढ़ आ गई है। यह आरोप सपा नेता व लोकसभा का चुनाव लड़ चुके पूर्व मंत्री आनन्दसेन यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर लगाए। उन्होंने कहा कि रुदौली में एक ही दिन में दो-दो हत्याएं और पूरे जनपद में डेढ़ माह में कई घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बलिया से लेकर गाजियाबाद तक चारों तरफ अपराध ही अपराध हो रहे हैं। सोनभद्र में भू-माफियाओं ने नौ आदिवासियों की सरेआम हत्या, चंदौसी में पेशी के दौरान न्यायालय में कैदियों द्वारा दो सिपाहियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पार्टी प्रवक्ता ओम प्रकाश ओमी ने कहा कि इस तरह की गंभीर घटनाएं कानून व्यवस्था की पोल खोलती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि जनपद में रुदौली के आंसू मऊ भिटौरा मार्ग पर 45 वर्षीय किशन निषाद का शव संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे मिला, रुदौली के ही जलालपुर गांव निवासी 26 वर्षीय कंधई लोधी की निर्मम हत्या, थाना तारुन क्षेत्र के ग्रामसभा सतना निवासी 70 वर्षीय रामादेवी मिश्र की लाश एक खेत में मिली, सोहावल निवासी सत्यनारायण की गत दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हल्ले द्वारिकापुर के ग्राम प्रधान देव शरण यादव यादव, मनोज शुक्ला व समाजवादी लोहिया वाहिनी गोसाईगंज कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश यादव टिक्कू की निर्मम हत्या ने साबित कर दिया है कि कानून का राज प्रदेश में खत्म हो गया है।
योगीराज में कानून व्यवस्था ध्वस्त: आनन्दसेन यादव
9