मिल्कीपुर। सुप्रीम कोर्ट ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित उच्च प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि की है। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17,000 रुपये कर दिया। इस निर्णय से विकासखंड मिल्कीपुर सहित अन्य क्षेत्रों के अनुदेशकों में खुशी का माहौल है।
अनुदेशकों ने सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशक मानदेय बढ़ोतरी के पात्र हैं। वर्ष 2017 में इनके मानदेय को 17,000 रुपये करने का प्रस्ताव किया गया था, लेकिन यह बढ़ा हुआ मानदेय अनुदेशकों को नहीं मिल पाया था। इसके बाद अनुदेशकों ने इस मामले को न्यायालय में चुनौती दी। यह मामला हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को अपना फैसला सुनाते हुए अनुदेशकों के मानदेय को 17,000 रुपये निर्धारित कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा मानदेय बढ़ोतरी किए जाने के बाद मिल्कीपुर में कार्यरत अनुदेशकों ने खुशी का इजहार करते हुए एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस अवसर पर अमित सिंह, वीरेंद्र कुमार, विपिन सिंह, वकार अहमद, कुमारी छाया, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, सरोज यादव सहित कई अन्य अनुदेशकों ने हर्ष व्यक्त किया है।