-चार पुलिसकर्मियों पर युवक की पिटाई का है आरोप, घटना की जानकारी के बाद थाने पहुंचे थे क्षेत्रीय विधायक
मिल्कीपुर-अयोध्या। कुमारगंज कस्बे में बाइक की चाबी मांगने की बात को लेकर अनावश्यक रूप से 25 वर्षीय युवक की पुलिस कर्मियों द्वारा बर्बरता पूर्वक पिटाई किए जाने के मामले ने इस कदर तूल पकड़ लिया कि थाने के एक उप निरीक्षक सहित दो सिपाहियों को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। हालांकि अभी समूचे घटनाक्रम के सूत्रधार आरोपी एक सिपाही के खिलाफ कार्यवाही नहीं हो सकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 13 अप्रैल की देर रात करीब 8ः00 बजे पूरे चूड़ामणि अकमा निवासी संतोष पांडे का 25 वर्षीय बेटा हरिकृष्ण पांडे बाइक लेकर कुमारगंज बाजार गया था, रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया वह पैदल ही किसी दुकान पर पेट्रोल भरवाने के लिए बाइक लेकर हनुमानगढ़ी के पास पहुंचा जहां एक मोमोज की दुकान पर थाने के तीन सिपाही सिविल ड्रेस में मोमोस खा रहे थे।
युवक ने उन्ही सिपाहियों से टंकी का लॉक खोलने के लिए चाबी मांग ली।फिर क्या था तीनों सिपाही युवक पर बिफर पड़े और कहा कि यह बाइक चोरी की है। मौके पर मौजूद सिपाहियों उमेश गौतम, भगवान सिंह एवं शशिकांत मिश्रा ने युवक हरिकृष्ण की पिटाई शुरू कर दी। यह देख मौके पर भारी संख्या में बाजार के व्यापारी भी पहुंच गए। इतने में सिपाहियों ने थाने से उपनिरीक्षक विमल कुमार यादव को बुला लिया। फिर क्या था तीनों सिपाही एवं दरोगा ने पहले युवक को खूब जमकर बाजार में ही पीटा, फिर उसे थाने लाद ले गए। आरोप है कि थाने में भी उपरोक्त चारों पुलिसकर्मी उसे लाठियों से पीटते रहे।इतने में जानकारी प्रकार युवक के पिता संतोष पांडे कुमारगंज कस्बे से दर्जनों व्यापारियों के साथ थाने पहुंच गए। भारी संख्या में लोगों के थाने पहुंचने के बाद चारों पुलिस कर्मियों ने युवक को पीटना बंद किया।
गुस्साए एवं आक्रोशित लोगों ने घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक चंद्रभानु पासवान को दी। सूचना मिलते ही विधायक भी थाने पहुंच गए। उधर क्षेत्रीय विधायक के साथ दर्जनों की संख्या में उनके समर्थकों के थाने पहुंचने के बाद कुमारगंज पुलिस के हाथ पांव फूल गए और उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी विभागीय उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी एवं क्षेत्राधिकारी पीयूष भी थाने पहुंच गए। विधायक एवं उनके दर्जनों समर्थकों को देख घबराई पुलिस ने आनन फानन में मिल्कीपुर सर्कल के खंडासा एवं इनायत नगर थानों से भी अतिरिक्त फोर्स बुला ली। थाने पहुंचे विधायक चंद्रभानु पासवान युवक की पिटाई का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखने के बाद आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्यवाही की जिद पर अड़ गए। युवक के पिता संतोष पांडे ने बेवजह पिटाई करने वाले दरोगा विमल कुमार यादव सहित तीनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा कायम किए जाने हेतु तहरीर दी।
थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने पिटाई से घायल युवक हरिकृष्ण पांडे का मेडिकल परीक्षण कराए जाने हेतु संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज भेजा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही का भरोसा दिलाया तब जाकर मामला शांत हुआ और आक्रोशित व्यापारी तथा ग्रामीण अपने घरों को वापस गए। हालांकि पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों की ओर से घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए आरोपी किए गए चारों पुलिस कर्मियों में से एक दरोगा विमल कुमार यादव तथा सिपाही शशिकांत मिश्रा एवं भगवान सिंह कोलाइन हाजिर कर दिया है जबकि घटना के मुख्य सूत्रधार सिपाही उमेश गौतम पर अभी कोई भी कार्यवाही नहीं हो सकी है। जिसे लेकर अभी भी क्षेत्रवासी लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। युवक की पिटाई के बाद कार्रवाई की जद में आए पुलिस कर्मियों ने बताया कि समूचे घटनाक्रम में हम लोग पूरी तरह से निर्दोष हैं, घटना के मुख्य सूत्रधार तो कांस्टेबल उमेश गौतम हैं, जिनके खिलाफ तो कार्यवाही ही नहीं हुई है, वह तो साफ बच गए हैं।