अयोध्या। अयोध्या कोतवली क्षेत्र स्थित एक ढाबे पर विवाद के बाद हुई मारपीट के मामले में पीड़ित ने दो को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ मारपीट,बलवा, गाली-गलौच और धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
शिकायत में बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र स्थित मैलानी उर्फ बेलवा निवासी अभिषेक त्रिपाठी पुत्र भोला प्रसाद त्रिपाठी का कहना है कि रात लगभग नौ बजे वह लखनऊ हाइवे के किनारे स्थित हनुमान वाटिका के पास यादव ढाबा पर भोजन करने गया था। उसका आरोप है कि इसी दौरान बगल हनुमान वाटिका में आयोजित वैवाहिक समरोह में शिरकत करने आये 10-12 युवकों ने गाड़ी पर बीयर की कैन फेंक दी।
विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडा लेकर दौड़ा लिया। उसको तथा उसके साथियों रजत मिश्रा,प्रभात मिश्रा और अंकित यादव को गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडा और लात-घूंसा से मारा। जिसमें गले की लगभग तीन ग्राम वजनी सोने की चेन गिर गई। लोगों के एकत्र होने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इनमें दो की पहचान कुलदीप निवासी मख्खापुर और रवि वर्मा के रूप में हुई है। ढाबा संचालक ने मौके का सीसीटीवी फुटेज हटा दिया है।