-बिजली विभाग बेखबर, शहीद शशांक तिवारी के घर के मोड़ पर बना जानलेवा हालात
मिल्कीपुर-। हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के मिल्कीपुर-खजुराहट संपर्क मार्ग पर डेहरियावां गांव के पास बिजली विभाग की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। बीते सात दिनों से शहीद कीर्ति चक्र विजेता शहीद शशांक तिवारी के घर के मोड़ पर ट्रांसफॉर्मर पर पेड़ गिरा हुआ है, लेकिन विभाग ने अब तक न तो पेड़ हटाने की जहमत उठाई और न ही विद्युत आपूर्ति बहाल की।
यह मार्ग क्षेत्र की अत्यंत व्यस्त सड़कों में शुमार है, जहां दिनभर राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क पर गिरे पेड़ और क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरे और अवरोध के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मार्ग से पेड़ हटवाने, ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत कराने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। लोगों ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।