-गौ वंश संरक्षण व संवर्धन की हुई मंडलीय समीक्षा बैठक
अयोध्या। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता की अध्यक्षता में अयोध्या मण्डल के गौ वंश संरक्षण सम्बंधी अनुश्रवण, मूल्यांकन की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में मण्डलायुक्त गौरव दयाल, उपाध्यक्ष गण गौ सेवा आयोग जसवंत सिंह, महेश शुक्ल, सदस्य राजेश सिंह सेंगर, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अध्यक्ष द्वारा मण्डल में संचालित गौशालाओं, अस्थायी एवं स्थायी गौ-संरक्षण केंद्रों की प्रगति की समीक्षा, गौवंश संरक्षण केन्द्रों के निर्माण की प्रगति व पंजीकृत गौशालाओं की प्रगति सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गयी। उन्होंने कहा कि सभी गौशालाओं में चारा, पानी, छाया, चिकित्सा की व्यवस्था समुचित रूप से उपलब्ध रहे। इस दौरान उन्होंने गौ आधारित उत्पादों के संवर्धन हेतु स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिसके घर में जानवर उसके घर हरा चारा को अभियान के रूप में लिया जाय।
इसके अलावा गांवों में उपलब्ध पशुचर की भूमि पर नेपियर घास सहित अन्य पौष्टिक हरे चारे को उगाया जाय। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गौवंश सहभागिता योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुये लोगों को इस योजना से जोड़ा जाए। अध्यक्ष ने गौ आधारित प्राकृतिक खेती के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिये तथा गौवंश की सुरक्षा व गौ आधारित प्राकृतिक खेती पर उन्होंने बल दिया।
मण्डलायुक्त ने बैठक को सम्बोधित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री गोवंश सहभागिता योजना के लाभार्थियों को निर्धारित समय पर डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाए तथा गौ सेवा आयोग से पंजीकृत प्राइवेट गौशालाओं को खोलने हेतु लोगों को प्रेरित किया जाय। पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि थानावार गौशालाओं की सूची थानों में उपलब्ध कर दी जाय जिससे कि निराश्रित गोवंशों को आश्रय स्थल पहुंचाने में सुविधा मिल सकें।
इसके अतिरिक्त बैठक में उपस्थित उपाध्यक्ष जसवन्त सिंह व महेश शुक्ल तथा सदस्य राजेश सिंह सेंगर ने भी गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन हेतु अपने-अपने सुझाव दिये। बैठक में संयुक्त निदेशक पशुपालन, संयुक्त निदेशक कृषि सहित मण्डलीय अधिकारी एवं मण्डल के सभी जनपदों के सी0वी0ओ0 उपस्थित रहे।