लेखपालों द्वारा किया जा रहा कार्य बहिष्कार वार्ता के उपरांत समाप्त

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-चीनी की बढ़ती कीमतों पर जिलाधिकारी अयोध्या का कड़ा रुख

अयोध्या। जनपद में लेखपालों द्वारा विभिन्न मांगों एवं एंटी करप्शन ट्रैपिंग प्रकरण में की गई कार्रवाई के संबंध में चलाया जा रहा कार्य बहिष्कार जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के साथ हुई वार्ता के उपरांत समाप्त कर दिया गया है।

लेखपाल संघ द्वारा एंटी करप्शन टीम की ट्रैपिंग कार्रवाई के दौरान संबंधित इंस्पेक्टर द्वारा कथित रूप से गलत तरीके से कार्रवाई किए जाने तथा अन्य मांगों के संबंध में कार्य बहिष्कार किया जा रहा था।

जिलाधिकारी द्वारा लेखपाल संघ के पदाधिकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। वार्ता के उपरांत लेखपाल संघ द्वारा अपना आंदोलन एवं कार्य बहिष्कार समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

चीनी की बढ़ती कीमतों पर जिलाधिकारी अयोध्या का कड़ा रुख, चीनी मिलों एवं थोक विक्रेताओं की होगी प्रभावी निगरानी

अयोध्या। जनपद में चीनी के बढ़ते बाजार भाव को नियंत्रित करने तथा उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दृष्टिगत जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

भारत सरकार एवं शासन द्वारा चीनी के मूल्य, स्टॉक एवं जमाखोरी/कालाबाजारी की निगरानी के संबंध में जारी निर्देशों के अनुपालन में जनपद में चीनी मिलों एवं थोक विक्रेताओं के स्टॉक तथा थोक एवं फुटकर बिक्री मूल्य का नियमित सत्यापन कराया जा रहा है।

इसी क्रम में मे. के.एम. शुगर मिल, मोतीनगर तथा मे. बलरामपुर चीनी मिल लिमिटेड, यूनिट–रौजागांव से चीनी की बिक्री व्यवस्था, थोक विक्रेताओं को की जा रही आपूर्ति, कमीशन एजेंटों की भूमिका, वर्तमान स्टॉक तथा जनपद से बाहर चीनी भेजे जाने संबंधी विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसे भी पढ़े  लोधीपुरवा में बनेगी सड़क, इस्माइलगंज में सुलभ शौचालय

जांच के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया है कि कुछ मामलों में चीनी मिलों से थोक विक्रेताओं को चीनी की बिक्री कमीशन एजेंटों के माध्यम से किए जाने तथा बिलिंग रेट के अतिरिक्त अनधिकृत वसूली की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिससे बाजार में चीनी के मूल्य में अनावश्यक वृद्धि की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस संबंध में संबंधित पक्षों से तथ्यात्मक स्पष्टीकरण एवं अभिलेख मांगे गए हैं।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी, अयोध्या ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में चीनी के स्टॉक एवं मूल्य की सतत निगरानी की जा रही है। यदि जांच में अनियमितता, जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि जनपद में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और उपभोक्ताओं से निर्धारित/उचित मूल्य से अधिक वसूली न हो। आमजन से भी अपील है कि चीनी की अधिक कीमत वसूले जाने अथवा अनियमित बिक्री की कोई शिकायत होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya