– विद्यार्थियों और कर्मचारियों को किया प्रेरित
मिल्कीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में मंगलवार को “नो व्हीकल डे” का पालन किया गया। विश्वविद्यालय के नवागत कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार आयोजित इस विशेष दिवस पर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश देते हुए वीआईपी गेस्टहाउस से पैदल चलकर कुलपति कार्यालय पहुंचकर सभी के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण संबंधी आह्वान के क्रम में कृषि विश्वविद्यालय में प्रत्येक मंगलवार को “नो व्हीकल डे” घोषित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य ईंधन की खपत कम करना, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना तथा लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना है। मंगलवार सुबह कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वीआईपी गेस्ट हाउस से पैदल निकले और विश्वविद्यालय परिसर के रास्ते होते हुए कुलपति कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से भी अधिक से अधिक पैदल चलने तथा साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
कुलपति ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयासों से ईंधन की बचत की जा सकती है और पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा और अनुसंधान के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे अभियान विद्यार्थियों और कर्मचारियों में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि “नो व्हीकल डे” के माध्यम से परिसर में हरित वातावरण को बढ़ावा देने, प्रदूषण कम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। कुलपति के पैदल कार्यालय पहुंचने से विश्वविद्यालय समुदाय में उत्साह का माहौल रहा और इस पहल को लेकर लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। विश्वविद्यालय परिवार ने इसे पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम बताया।