-आचार्यों द्वारा पूजन-अर्चन के उपरांत विधि-विधान से स्थापित किया गया ध्वज

अयोध्या। श्री रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे के मध्य निर्मित भगवान सूर्यदेव के मंदिर के शिखर पर गुरुवार की सुबह लगभग 10 बजे धर्म ध्वजा का आरोहण कराया गया। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने संतों की उपस्थिति में ध्वजारोहण कराया। इससे पहले आचार्यों ने मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया। तत्पश्चात डोरी के माध्यम से ध्वज 70 फीट ऊंचे शिखर पर चढ़ाया गया। इसमें सभी संतों, राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव और एसपी सुरक्षा बलरामचारी दुबे आदि ने सहयोग किया। ट्रस्ट ने सूर्य मंदिर का निर्माण परकोटे के दक्षिणी-पश्चिमी (नैऋत्य) कोण पर कराया है।

इसमें सूर्यदेव की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा गत वर्ष पांच जून को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों हुई थी। सूर्य मंदिर की धर्म ध्वजा का राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव ने बताया कि ध्वजारोहण के अवसर पर प्रमुख संतों को आमंत्रित किया गया था। जिनमें राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष व मणिरामदास जी की छावनी के महांत नृत्यगोपालदास के उत्तराधिकारी महांत कमलनयन दास, दशरथ महल के महांत बिंदुगाद्याचार्य देवेंद्रप्रसादाचार्य, बावन मंदिर के महांत वैदेहीवल्लभशरण, अशर्फी भवन के पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्रीधराचार्य, लक्ष्मण किला के महांत मैथिलीरमणशरण, रंगमहल मंदिर के महांत रामशरणदास आदि शामिल रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेवा कैंप का शुभारंभ
अयोध्या। रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रीराम अस्पताल के सामने एक सेवा केंद्र स्थापित किया गया है। इस सुविधा केंद्र का शुभारंभ चंपत राय, महासचिव श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट द्वारा किया गया प्रशासनिक अधिकारी यश प्रकाश सिंह ने बताया कि इस कैंप के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओआरएस का निशुल्क वितरण भी किया जा रहा है, ताकि लंबी दूरी से आने वाले श्रद्धालुओं को ऊर्जा मिल सके और वे सुरक्षित रूप से दर्शन कर सकें उन्होंने बताया कि कैंप में श्रद्धालुओं के लिए 10 हजार (10,000) पानी की बोतलों, 20 हजार (20,000) ओआरएस पैकेट, 1 क्विंटल पेठा और 50 किलो लड्डू की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों को राहत मिल सके इस अवसर पर जगतगुरु परमहंसाचार्य, इकबाल अंसारी, सीएमओ देवेंद्र प्रताप भदौरिया, श्रीराम अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रशासन का कहना है कि रामनवमी के दौरान अयोध्या आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए ऐसे सेवा कैंप महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।