अयोध्या। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र स्थित एक सूखे तालाब में युवक का क्षत विक्षत शव मिला है। शव कई दिन पुराना लग रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है और मृतक के शिनाख्त में जुट गई है। रविवार सुबह स्थानीय लोग अयोध्या कोतवाली के धर्मपुर गांव के बाहर अपने खेत की ओर गए तो दुर्गंध मिलने पर छानबीन शुरू की।
सूखे तालाब के पास जाकर देखा तो वहां लगभग 30 वर्षीय एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के चेहरे और शरीर में घाव और खरोंच का निशान था। उसके जेल हुए कपड़ों का टुकड़ा मौके पर पड़ा था। गंभीर वारदात के इस मामले में तत्काल जानकारी अयोध्या कोतवाली पुलिस को दी गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक के शव को यहां लाकर फेंका और जलाया गया।
शव चार-पांच दिन पुराना लग रहा है। जिसको जंगली जानवर और कुत्तों ने नोच कर क्षत विक्षत कर दिया। इलाकाई पुलिस के पहुंचने पर मामले की जांच पड़ताल शुरू हुई । दर्शननगर चौकी प्रभारी जगन्नाथमणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की है। स्थानीय लोग मृतक की पहचान नहीं कर पाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा मृतक के पहचान का प्रयास कराया जा रहा है।