धर्मस्थल की व्यवस्था धर्माचार्यों के हाथ में होनी चाहिए : अजय राय

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कांग्रेस का विधानसभा सम्मेलन संपन्न, प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूती का संदेश

अयोध्या। कांग्रेस पार्टी का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन हैदरगंज में पीसीसी सदस्य एवं सम्मेलन संयोजक अशोक सिंह के संयोजन में संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने की। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राम मंदिर में सीईओ की नियुक्ति सरकार के नकारात्मक रवैये को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि धर्मस्थल की व्यवस्था धर्माचार्यों के हाथ में होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में सीईओ की नियुक्ति के माध्यम से सरकार अपने अधीन व्यवस्था संचालित करना चाहती है, जिसका धार्मिक क्रियाकलापों से कोई सरोकार नहीं होगा।
अजय राय ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी, बेरोजगारी, पेपर लीक, छात्रों की समस्याएं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनसेवा के कारण जनता का विश्वास कांग्रेस के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जन-जन के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार ब्राह्मण समाज के लोगों की हत्याएं हो रही हैं और ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा करने वाली सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अयोध्या जिले में सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ पूरी ताकत से संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। सम्मेलन के संयोजक एवं पीसीसी सदस्य अशोक सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह तथा रामदास वर्मा ने भी सम्मेलन को संबोधित किया और संगठन की मजबूती तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को आगे बढ़ाने की बात कही। जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि जिले की सीमा पर पहुंचने के बाद बूथ नंबर 4 से लेकर पिपरी पुल, रामपुर भगन, ता रुन बाजार और हैदरगंज तक विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का फूल-मालाओं एवं वाहनों के काफिले के साथ जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या पहुंचकर हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। वहां महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, पीसीसी सदस्य गौरव तिवारी, वीरू, राकेश तिवारी, विकासधर द्विवेदी, रामेंद्र मोहन मिश्रा, उग्रसेन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन में एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह, मनोज जायसवाल, रुद्र प्रताप सिंह, रिशु, पीयूष राय, राजकुमार सिंह, राजकुमार पांडेय, रमाशंकर तिवारी, राज प्रताप सिंह, दिलीप गोद, जयशंकर तिवारी, प्रदीप निषाद, सुरेश राणा, वेद सिंह, कमल, जसवीर सिंह, डॉ. रविकांत श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, श्रीनिवास तिवारी, राम निहाल निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya