-महिलाओं से उनके द्वारा तैयार किये गये उत्पादों के बारे में प्राप्त की जानकारी
अयोध्या। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के दो दिवसीय अयोध्या भ्रमण कार्यक्रम के तहत गुरूवार को अन्तर्राष्ट्रीय महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट अयोध्या में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अन्तर्गत संचालित ‘अवसर योजना‘ के तहत उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की महिला स्वयं सहायता समूह के द्वारा निर्मित वस्तुओं के सखी स्टोर का उद्घाटन किया गया।
उन्होंने वहां उपस्थित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से उनके द्वारा किये गये उत्पादों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की गयी। इसके साथ ही सखी स्टोर का उद्घाटन करते हुए वहां से एक जूट निर्मित हैंडबैग को क्रय किया गया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सुझाव दिया कि एयरपोर्ट पर विक्रय हेतु जो भी सामग्री उत्पादित की जाय उसका वजन कम से कम करने का प्रयास करें।
मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने राज्यपाल को सखी स्टोर की अवधारणा के बारे में जानकारी देते हुये कहा कि सखी स्टोर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की प्रशासन की एक पहल है। सखी स्टोर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पाद, अयोध्या प्रसादय्, अयोध्या के प्रसिद्व मंदिरों पर चढ़ने वाले फूलों से निर्मित पूजा सामग्री, जूट से बने हुये अनेक प्रकार बैग, ज्वैलरी, टोकरी एवं मंजू क्राफ्ट के उत्पादों के साथ भगवान राम एवं श्रीराम जनमभूमि से सम्बंधित फोटो, कार हैंगर, डैश बोर्ड एवं अनेक प्रकार के मैग्नेट उपलब्ध है।
जिलाधिकारी द्वारा समूह की महिलाओं को सखी स्टोर की शुभकामनाएं दी गयी। इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह, एयरपोर्ट डायरेक्टर, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जिला मिशन प्रबन्धक सरिता वर्मा, प्रदीप वर्मा, राजवर्धन सिंह, अवध यूनिवर्सिटी से डा0 मनीष सिंह, बी0एम0एम0-पवन वर्मा, राजाराम वर्मा एवं समूह की अन्य महिलाएं उपस्थिति रही।