-फायर सर्विस की टीम व ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
अयोध्या। जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में लगी आग से सैकड़ो बीघे गेंहू की फसल जलकर राख हो गयी। सोहावल तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामनगर धौराहरा में शनिवार को गेहूं कटाई के लिए आई कंबाइन मशीन को मकैनिक द्वारा ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन में अचानक लगी आग से किसानों का लगभग 50 बीघा गेहूं जल गया।साथ ही दो बाइक और ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आने से जल गया। शनिवार को दिन में लगभग 2 बजे के आसपास किसान के गेहूं की कटाई करने के लिए आई कंबाइन मशीन में खराबी को मकैनिक द्वारा ठीक करते समय अचानक लगी आग से कंबाइन मशीन एक ट्रैक्टर दो मोटर साइकिल और किसानों का लगभग 50 बीघा गेहूं जल गया।जिसमें सत्येंद्र सिंह का 15 बीघा, नरेन्द्र सिंह का 15 बीघा, अखिलेश सिंह का 10 बीघा, शिव शंकर सिंह का 5 बीघा और राम कृपाल सिंह का 5 बीघा गेहूं जलने का किसानों द्वारा अनुमान लगाया जा रहा है।
आग की इस घटना की सूचना पर सीओ सदर अरविंद सोनकर तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह रौनाही प्रभारी निरीक्षक लाल चंद सरोज चौकी इंचार्ज सत्तीचौरा सत्यम अग्रवाल मौके पर पहुंचे। फसल में आग लगने की सूचना पर फायर सर्विस की टीम और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व टीम द्वारा किसानों के फसल की हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। इसी तरह बीकापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बैंती कला के ताल वाले खेतों में शनिवार को तड़के करीब 1 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिससे लगभग 300 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
आग की चपेट में आकर मशीन से कटे हुए गेहूं के ढेर और खेतों में रखा भूसा भी पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां और पीआरबी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। ग्रामीणों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जिसके मद्देनजर प्रशासन से मुआवजे की मांग की जा रही है।
शार्ट सर्किट से लगी गेहूं की फसल में आग

सोहावल। रौनाही थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद के मजरे लोधे उपाध्याय पुरवा से होकर जाने वाली हाई टेंशन तार की शार्ट सर्किट से गिरी चिंगारी से कई किसानों की गेहूं की फसल जल गई। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की टीम और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हल्का लेखपाल ने ग्राम प्रधान नदीम मलिक के साथ मौका मुआयना किया। किसान महेश पाण्डेय ,जोखन पान्डेय ने बताया कि शनिवार दोपहर लोथे उपाध्याय का पुरवा गांव के दक्षिण से होकर गुजरी हाई टेंशन के तार से शार्ट सर्किट होने लगी। जिससे गिरी चिंगारी से महेश,सुरेश, बीरेंद्र,गोरख नाथ,जोखन लाल की खड़ी और कटी फ़सल जलकर राख हो गई। हल्का लेखपाल विश्वनाथ प्रताप ने बताया कि मौका मुआइना किया। किसानों की फसल जली हुई है। जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
भीषण गर्मी में विद्यालय समय परिवर्तन की उठी मांग
अयोध्या। कांग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप के कारण स्कूली बच्चों के विद्यालय समय परिवर्तन की मांग की है। उन्होंने जिला अधिकारी को भेजे गए मेल में कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। वर्तमान समय में विद्यालयों का संचालन दोपहर 2 बजे तक होने से छोटे-छोटे बच्चों को लू और अत्यधिक तापमान का सामना करना पड़ रहा है, जो उनके लिए जोखिमपूर्ण है।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्णा गौतम ने जिला अधिकारी से विद्यालयों के समय में बदलाव करने की मांग की है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया जाए, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनका स्वास्थ्य और सुरक्षा भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान परिस्थितियों में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निर्णय लेना आवश्यक है। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने जिला प्रशासन से अपील की है कि मौसम की गंभीरता और शासन के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों के समय में आवश्यक संशोधन किया जाए, जिससे बच्चों को इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके।