-अयोध्या जिला अस्पताल में अनोखे इलाज की चर्चा
अयोध्या। जनपद के जिला चिकित्सालय में एक अनोखे इलाज की चर्चा तेजी से फैल रही है। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष पाठक ने एक युवक के कंधे की खिसकी हड्डी को बिना दवा, बिना इंजेक्शन और बिना प्लास्टर के पारंपरिक तकनीक से सही स्थिति में बैठाकर उसे राहत दिला दी।
जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय शिवम मिश्रा दर्शन के लिए राम मंदिर आए हुए थे।
इसी दौरान हुए एक हादसे में उनके कंधे की हड्डी खिसक गई। पहले उन्हें एक निजी आरोग्य अस्पताल में दिखाया गया, जहां से उन्हें आगे इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद युवक को जिला चिकित्सालय अयोध्या की इमरजेंसी में लाया गया। यहां मौजूद ईएमओ डॉ. आशीष पाठक ने पारंपरिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए कुछ ही समय में युवक के कंधे की हड्डी को सही स्थिति में सेट कर दिया।
इलाज के तुरंत बाद युवक को काफी राहत मिलने लगी और वह सामान्य रूप से अपना हाथ उठाने लगा। बिना दवा और इंजेक्शन के किए गए इस उपचार को लेकर डॉक्टर की जमकर सराहना हो रही है।