-गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सोमवार को राम कथा पार्क में निर्माणाधीन अति विशिष्ट अतिथि गृह के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना के विभिन्न प्रस्तावित घटकों मुख्यमंत्री ब्लॉक, रेजिडेंशियल ब्लॉक, डारमेट्री ब्लॉक, सर्विस ब्लॉक एवं गार्ड रूम आदि का विस्तार से अवलोकन कर प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए तथा गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन ब्लॉकों में किसी प्रकार की बाधा या तकनीकी अड़चन है, उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि परियोजना समय पर पूर्ण हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल,सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।