-व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश, मरीजो से मिल कर ली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद कर उनका हाल-चाल जाना तथा उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहतर, सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी ओपीडी में भर्ती डॉग बाइट की मरीज 10 वर्षीय अन्यया निवासी सुलेमानपुर, पटरंगा, आयुष्मान वार्ड में भर्ती 40 वर्षीय फ्रैक्चर पीड़ित महेश, कैंट अयोध्या निवासी 70 वर्षीय सीओपीडी मरीज रामअवध, पायरेक्सिया फीवर से पीड़ित अबूसराय निवासी असलम खान तथा दस्त से पीड़ित डेढ़ वर्षीय वामिका के परिजनों से मिलकर उपचार एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करते हुए कहा कि जहां कहीं भी मरम्मत कार्य की आवश्यकता है, वहां शीघ्र आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि मरीजों एवं तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अनिरुद्ध प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला अस्पताल अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।