पुण्यतिथि पर याद किए गए देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कांग्रेसियों ने पार्टी कार्यालय पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए

अयोध्या। पंचशील सिद्धांत के प्रतिपादक भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनके पुण्यतिथि पर कांग्रेस जनों ने कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उक्त अवसर पर गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह तथा संचालन महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने किया। कांग्रेस जनों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू समाजवादी विचारधारा से ओतप्रोत रहते थे तथा अपने प्रधानमंत्री काल मेंउन्होंने एक सशक्त भारत की नींव रखी।

जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा पंडित नेहरू शुरू से ही गांधीजी से प्रभावित रहे और 1912 में कांग्रेस से जुड़े। 1920 के प्रतापगढ़ के पहले किसान मोर्चे को संगठित करने का श्रेय उन्हीं को जाता है। 1928 में लखनऊ में साइमन कमीशन के विरोध में नेहरू घायल हुए और 1930 के नमक आंदोलन में गिरफ्तार हुए। उन्होंने 6 माह जेल काटी। 1935 में अलमोड़ा जेल में ’आत्मकथा’ लिखी। उन्होंने कुल 9 बार जेल यात्राएं कीं। उन्होंने विश्वभ्रमण किया और वे अंतरराष्ट्रीय नायक के रूप में पहचाने गए।

महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने पंडित नेहरू को याद करते हुए कहा पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती. लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, उनके प्रगतिशील विचारों ने चुनौतियों के बावजूद भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को दृढ़ता से आगे बढ़ाया।

पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा पंडित नेहरू के कार्यकाल में लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करना, राष्ट्र और संविधान के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को स्थायी भाव प्रदान करना और योजनाओं के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को सुचारु करना उनके मुख्य उद्देश्य रहे। पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा ने कहा पंडित नेहरू के कार्यकाल में ही देश को एम्स और इसरो जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं मिली। गोष्ठी में प्रमुख रूप पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, महानगर उपाध्यक्ष अशोक कनौजिया, राजकुमार पांडे, प्रेम कुमार पांडे, किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामचरित्र वर्मा, छविराज यादव, अशोक कुमार राय, देव कुमार वर्मा,धर्मेंद्र सिंह फास्टर धीरेंद्र सिंह बबलू,सुरजीत, अरुण साहू आदि उपस्थित रहे

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya