नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में बजट को मिली स्वीकृति

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-02 अरब 76 करोड़ के साथ 19 करोड़ 96 लाख के लाभ के बजट पर कार्यकारिणी की मुहर

अयोध्या।  नगर निगम अयोध्या कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को महापौर ऋषिकेश उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई। जिसमें बजट को स्वीकृति दी गई। नगर निगम कार्यालय में हुई बैठक में निगम के वित्तीय वर्ष 2021-22 के प्रस्तुत बजट पर कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ चर्चा की गई। जिसमें निगम की कुल अनुमानित आय 02 अरब 96 करोड़ के सापेक्ष प्रस्तावित व्यय 02 अरब 76 करोड़ के साथ 19 करोड़ 96 लाख के लाभ के बजट की स्वीकृति कार्यकारिणी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रदान कर दी।

बैठक में नगर निगम में शामिल 41 ग्राम पंचायतों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रस्तावित पौने तीन अरब के व्यय वाले बजट से अब इन विस्तारित क्षेत्रों में नगर निगम सड़क, पानी, प्रकाश व सफाई की सुविधाएं मुहैया कराया जाना है। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 के मूल बजट को कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जिसमें वर्ष का अनुमानित प्रारम्भि अवशेष धनराशि 41 करोड़ 27 लाख 62 हजार 435 रुपये की है। वहीं वर्ष की अनुमानित आय दो अरब 55 करोड़ 38 लाख 80 हजार रुपये निर्धारित की गयी है। प्रारम्भिक अवशेष सहित कुल अनुमानित आय दो अरब 96 करोड़ 66 लाख 42 हजार 415 रुपये रखी गयी है। वर्ष में प्रस्तावित व्यय की धनराशि दो अरब 76 करोड़ 69 लाख 80 हजार और वर्ष के अंत में संभावित लाभ 19 करोड़ 96 लाख 62 हजार 435 रुपये है।

इसे भी पढ़े  इनर व्हील क्लब ने जिला कारागार को प्रदान किया 12 इंडोर गेम किट

नगर आयुक्त ने बताया कि प्रस्तावित बजट से नगर निगम में सम्मिलित 41 गावों की मूलभूत आवश्यकताओं का पूरा करने का कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। इसके तहत विस्तारित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं जैसे सड़कों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था, नाले-नालियों का निर्माण और सफाई व्यवस्था का कार्य कराया जाना है। यह कार्य प्राथमिकता पर कराया जाना प्रस्तावित है। इस अवसर पर नगर आयुक्त की ओर से नगर निगम में संचालित सभी वाहनों में जीपीएस प्रणाली लागू किए जाने के संबंध में सदन को अवगत कराया गया। इसकी स्वीकृति सदन की ओर से सर्वसम्मति से प्रदान की गई। इसके अलावां बैठक के दौरान कार्यकारिणी के सदस्य पार्षद अनुभव जयसवाल ने नगर के मध्य में स्थित नरेंद्रालय का जीर्णोद्धार तत्काल कराए जाने का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा। उन्होंने इसके साथ साथ ही नगर में दो पाली में सफाई व्यवस्था कराए जाने का प्रस्ताव भी पेश किया। पार्षद अनुभव जायसवाल की ओर से वर्तमान में कोरोना महामारी को दृष्टिगत रखते हुए गृह कर जलकर में दिए जा रहे 10 प्रतिशत छूट की समय अवधि में वृद्धि किए जाने का भी प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा गया।
बैठक में नगर आयुक्त विशाल सिंह, अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह, उपसभापति बृजेंद्र बहादुर सिंह व कार्यकारिणी के सदस्य अनुभव जायसवाल, मोहम्मद फरीद, अनुज दास, शकुंतला गौतम, जगत नारायण यादव, पूनम यादव, राम नंदन तिवारी, गरिमा मौर्य, अर्चना श्रीवास्तव व ओम प्रकाश अदानी व अन्य पार्षद मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya