धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-रामभक्ति व राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई अयोध्या


अयोध्या। जनपद में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में राष्ट्रगान हुआ। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर वीर नारियों को सम्मानित किया गया।

एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर द्वारा पुलिस लाइन परिसर में ध्वजारोहण किया गया एवं उपस्थित सभी पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। सभी को संकल्प पत्र पढ़कर भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, पंथ निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने, आपसी भाईचारा, बन्धुता, दृढ़संकल्प तथा सभी मतभेद शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने की शपथ दिलाई गई। वहीं रामनगरी रामभक्ति और राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में जय श्रीराम के उद्घोष के बीच तिरंगा शान से लहराया और राष्ट्रगान गूंजा।

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में दो स्थानों पर ध्वजारोहण हुआ। श्रद्धालु सुविधा केंद्र के सामने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी महंत दिनेन्द्रदास ने तिरंगा फहराया। वहीं शेषावतार मंदिर के पास पुलिस विभाग की ओर से क्षेत्राधिकारी महेंद्र शुक्ला ने ध्वजारोहण कर सलामी दी। इस दौरान रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर की भव्यता और तिरंगे की शान ने माहौल को खास बना दिया। मंदिर में दुधमुंही बच्ची को छोड़कर जाने वालों की पहचान और तलाश में अहम भूमिका निभाने वाले नियंत्रण कक्ष के पुलिसकर्मी ब्रजेन्द्र यादव और अवधेश पांडे को भी सम्मानित किया गया। क्षेत्राधिकारी परिसर रंजना गुप्ता, चौकी प्रभारी सुनील कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  श्रावण मास में अयोध्या धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

साकेत महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह

कामता प्रसाद सुन्दरलाल साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत भव्य समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापकों, प्राध्यापिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके उपरांत राष्ट्रगान एवं एनसीसी कैडेटों द्वारा प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर ने कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशक के संदेश का वाचन गणित विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शिवकुमार तिवारी ने किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाविद्यालय के सेवानिवृत्त पूर्व विभागाध्यक्ष (हिन्दी) को सम्मानित किया गया। अपने उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दानपति तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

समारोह में विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. जनमेजय तिवारी एवं महामंत्री प्रोफेसर अमूल्य कुमार सिंह का भी सम्मान किया गया। इसके साथ ही महाविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रवेश समिति के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। प्रांजुल गुप्ता ने एकल काव्य पाठ प्रस्तुत कर राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। अंशिका पाण्डेय एवं बिंदू ने मनोहारी एकल नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। संगीत विभाग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत कजरी प्रस्तुत कर लोक-संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। बी.एड. के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जबकि कली जायसवाल की एकल नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।

इसे भी पढ़े  तिरंगे की छांव में चला राष्ट्रप्रेम का कारवां, शहीदों को नमन

इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अशोक कुमार मिश्रा ने उपस्थित सभी प्राध्यापकों, प्राध्यापिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को नशा-मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं रचनात्मक जीवन जीने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन डॉ. असीम त्रिपाठी ने किया। समारोह के अंत में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे समारोह में देशभक्ति, अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रीय चेतना का अद्भुत वातावरण दिखाई दिया। महाविद्यालय परिसर भारत माता की जय और राष्ट्रप्रेम के भाव से गुंजायमान रहा।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya