अयोध्या। जनपद के अलग अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को हुए हादसों में एक किशोरी की मौत हो गई,जबकि एक अधेड़ को जिला अस्पताल से दर्शननगर मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल प्रशासन ने मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया है।
बताया गया कि सोमवार को बबलू यादव नामक शख्स महराजगंज थाना क्षेत्र के पूरा बाजार जलालुद्दीननगर निवासी 50 वर्षीय रामबहाल मांझी पुत्र राम सहाय को गंभीर हाल में लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण में पाया कि हादसे का शिकार राम बहाल को हेड इंजरी की शिकायत है और उनकी हालत क्रिटिकल है, जिसके कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसको दर्शननगर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। वहीं खंडासा थाना क्षेत्र के गांव नंदापुर निवासी किशोरी 12 वर्षीय कोमल पुत्री संतोष को उनका पिता लेकर जिला अस्पताल पहुंचा तो इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्रशिक्षण में किशोरी को मृत पाया।
जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शव को मोर्चरी में भिजवा मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाने की कार्रवाई की जा रही थी कि परिजन शव लेकर चले। मामले की सूचना पुलिस को भेजी गई है।
ठेले पर शव ले जाने के मामले का सीएमओ ने लिया कड़ा संज्ञान
अयोध्या। जिला अस्पताल से अधेड़ महिला का शव ठेले में ले जाने का मामला गरमाता जा रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल पहुंच सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने भी मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण मांगा है। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जिला अस्पताल में महिला की मौत हो जाने के बाद तीमारदारों ने स्टाफ से शव वाहन की मांग की थी।
वाहन समय से न पहुंचने का आरोप लगाते हुए तीमारदार मृत महिला के शरीर को ठेले पर ही लाद ले गए थे। सीएमओ डॉ. देवेंद्र भिटौरिया सुबह ही जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मौके पर मौजूद सीएमएस डॉ. राजेश सिंह से वार्ता के बाद दो चिकित्सक, फार्मासिस्ट, शव वाहन के ड्राइवर व नर्स से स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।