अयोध्या। समाजवादी पार्टी 19 दिसम्बर को पूरे प्रदेश के मण्डल मुख्यालयों पर किसानों की समस्याओं को लेकर किये जा रहे धरने के क्रम में अयोध्या मण्डल मुख्यालय पर प्रातः 10 बजे से सायं 4.00 बजे तक धरना देगी। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से प्राप्त निर्देश के अनुसार सपा निवर्तमान जिलाध्यक्ष गंगासिंह यादव की अध्यक्षता में मण्डल के सभी जिलाध्यक्षों की हुई बैठक में धरने की रूपरेखा तय की गयी और सभी जिलों के किसानों की भागीदारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी। बैठक में तय किया गया कि 16 दिसम्बर को सभी जिलों फैजाबाद अम्बेडकरनगर, बाराबंकी, सुल्तानपुर और अमेठी में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक करके धरने में ज्यादा से ज्यादा किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल ने फैजाबाद जनपद को नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष गंगासिंह यादव ने बताया कि धरने में गन्ना, धान एवं आलू किसानों की समस्याओं के साथ किसानों की अन्य समस्याओं पर चर्चा होगी। समाजवादी पार्टी गन्ना मूल्य 450/- प्रति कुन्तल तय करने की मॉंग करेगी। गन्ना किसानों को पर्ची नहीं मिलने की समस्या के कारण किसान 250/- रूपया प्रति कुन्तल गन्ना बेचने पर मजबूर हैं। किसानों का पूरे प्रदेश में 5000 करोड़ रूपया गन्ना मूल्य बकाया है। वर्तमान में अभी मिलों के द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है। धान क्रय केन्द्रों का बुरा हाल है।
धरने को सफल बनाने के लिये अम्बेडकरनगर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष व एमएलसी हीरालाल यादव, सुल्तानपुर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, अमेठी जिलाध्यक्ष छोटेलाल यादव, बाराबंकी के जिलाध्यक्ष अयाज खान बैठक में शामिल हुए।
किसानों की समस्याओं को लेकर सपा का धरना 19 को
15
previous post