पंचतत्व में विलीन हुए सपा नेता मदन यादव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-सांसद अवधेश प्रसाद, आनंद सेन यादव जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

अयोध्या। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के मिल्कीपुर विधानसभा अध्यक्ष मदन यादव की सोमवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई। इस घटना ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय समुदाय में गहरे शोक की लहर पैदा कर दी है। नगर पंचायत कुमारगंज पूरे सोंन का पुरवा निवासी मदन यादव सोमवार रात जगदीशपुर की तरफ से अपनी ग्लैमर बाइक (एपी 42 यूं 0922) पर कुमारगंज लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे पिठला कट के पास उनकी बाइक एक खड़ी ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मदन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक घटना के बाद ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कुमारगंज पुलिस के दरोगा विमल कुमार यादव और वार्ड नंबर 10 के सभासद प्रतिनिधि मृत्युंजय यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मदन यादव को तुरंत सौ सैय्या चिकित्सालय, कुमारगंज पहुंचाया। अस्पताल में आपातकालीन कक्ष में तैनात डॉ. प्रशांत वर्मा ने उनका प्राथमिक उपचार किया। डॉ. वर्मा के अनुसार, मदन यादव के चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं और उनके मुंह से लगातार रक्तस्राव हो रहा था।

उनकी हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मदन यादव के निधन की सूचना मिलते ही सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव,जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, अजीत प्रसाद सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता अस्पताल परिसर में पहुंच गए।

इसे भी पढ़े  साहब! बरसात आने वाली है... नाला साफ करवाईए, नहीं तो घरों में घुसेगा गंदा पानी

सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि मदन यादव समाजवादी पार्टी के एक सक्रिय और समर्पित नेता थे। लोहिया वाहिनी के मिल्कीपुर विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने क्षेत्र में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके अचानक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है। जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ता खो दिया। मदन यादव के निधन की खबर फैलते ही कुमारगंज और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय लोग उन्हें एक मिलनसार और समाजसेवी व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं। उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि अस्पताल परिसर से लेकर अन्त्येष्टि स्थल तक पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, अजीत प्रसाद, बख्तियार खान, छोटेलाल यादव, रामजी पाल, साहबलाल यादव,रामतेज यादव, वेदप्रकाश यादव, आज़ाद सिंह,रामकरण यादव, सीताराम यादव, यदुनाथ यादव, रामसतन कोरी, सुनील कोरी, उमाशंकर पाल सहित बड़ी संख्या में सपा नेता व कार्यकताओं के अलावा हजारों की संख्या में लोगों ने नम आंखों से सपा मदन यादव को श्रद्धांजलि दी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya