-ईंट गांव मिल्कीपुर में फिर धधकी प्रतिशोध की ज्वाला,गंभीर हालत में लखनऊ मेडिकल कॉलेज ट्रामा सेंटर रेफर
मिल्कीपुर। इनायत नगर थाना क्षेत्र स्थित ईंट गांव में 16 वर्ष बाद एक बार फिर प्रतिशोध की ज्वाला धधक उठी है। अपने पिता की हत्या का बदला चुकाने की नीयत से पिता के हत्यारोपी को गोली मारे जाने का मामला प्रकाश में आया है। जहां ईंट गांव निवासी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी संजय सिंह को सरेराह अवैध असलहे से गोली मारी गई है। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। इनायत नगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर गहन छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईंट गांव निवासी संजय सिंह बीते सोमवार की रात्रि करीब 9.30 बजे मिल्कीपुर बाजार कस्बा निवासी उमाशंकर जायसवाल के यहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जहां से वह अपने घर वापस लौटने के लिए अपने वाहन चालक एवं युवक शुभम के साथ अपने स्कॉर्पियो वाहन के पास पहुंचे ही थे कि उन्हें अचानक दाहिने कंधे में गोली लग गई। जिससे वह घायल होकर सड़क पर ही गिर गए। इतने में ताबड़तोड़ दो फायर और किए गए।
हालांकि हमलावरों द्वारा किए गए दोनों फायर उन्हें नहीं लग सके। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां गंभीर हालत देख डॉक्टरों द्वारा लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले में मुकदमा कायम किए जाने हेतु घायल संजय सिंह ने मिल्कीपुर निवासी विपिन दुबे उर्फ विक्की एवं कुशल दुबे उर्फ अभय दुबे तथा गिरजा शंकर दुबे के खिलाफ मुकदमा कायम किए जाने हेतु तहरीर दी, जिसके आधार पर थानाध्यक्ष इनायत नगर रतन कुमार शर्मा ने उपरोक्त तीनों लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की गंभीर आपराधिक धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उन्होंने बताया कि घटना में से दो आरोपियों विपिन दुबे उर्फ विक्की एवं कुशल दुबे उर्फ अभय दुबे को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हमले में प्रयुक्त 32 बोर की एक स्टील व एक लोहे की अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। वहीं दूसरी ओर घटना के बाद से गांव में पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल में तनाव घुला हुआ है।स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह से घटना को लेकर सतर्क हो गई है और पीएससी सहित स्थानीय थाने की पुलिस फोर्स मिल्कीपुर से लेकर ईंट गांव तक ग्रस्त कर रही है।