-स्टॉक रजिस्टर व डिलिवरी ऑथेंटिकेशन कोडपर्ची कब्जे में, गोदाम की भी हुई
रुदौली। उपजिलाधिकारी रुदौली संतोष कुमार ने शुक्रवार की शाम रुदौली गैस सर्विस पर अचानक औचक छापेमारी कर दी, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। एसडीएम के अचानक पहुंचने से कर्मचारी सकते में आ गए।उपभोक्ता एसडीएम से ही गैस दिलवाए जाने की गुहार करने लगे। सूत्रों के अनुसार एसडीएम करीब शाम 6 बजे बिना किसी पूर्व सूचना के गैस सर्विस पहुंचे और सीधे अभिलेखों की जांच शुरू कर दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, डिलिवरी ऑथेंटिकेशन कोड पर्ची सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को गंभीरता से खंगाला।
जांच के दौरान कई अभिलेखों को कब्जे में लेकर अपने साथ ले जाया गया। छापेमारी के दौरान एसडीएम ने गैस सर्विस के गोदाम का भी गहन निरीक्षण किया। गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों के भंडारण, आपूर्ति व्यवस्था तथा उपलब्ध स्टॉक की स्थिति की बारीकी से जांच की गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ कर वितरण व्यवस्था और आपूर्ति प्रणाली की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर लंबे समय से उपभोक्ताओं की शिकायतें प्रशासन तक पहुंच रही थीं। शिकायतों में समय पर गैस सिलेंडर न मिलना, वितरण में अनियमितता तथा कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार जैसे गंभीर आरोप शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने एसडीएम के समक्ष कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। उपभोक्ताओं का आरोप था कि उन्हें गैस सिलेंडर के लिए कई-कई दिन तक चक्कर लगाने पड़ते हैं तथा शिकायत करने पर अभद्रता का सामना करना पड़ता है। एसडीएम की इस औचक कार्रवाई से न केवल गैस सर्विस परिसर में हड़कंप की स्थिति बनी रही, बल्कि क्षेत्र की अन्य गैस एजेंसियों में भी पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सभी अभिलेखों की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।