राम मंदिर निर्माण : बेस प्लिंथ का काम पूरा, मुख्य मंदिर निर्माण की तैयारी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-दिसम्बर 2023 तक तैयार कर लिया जायेगा मुख्य भवन

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में रामलला के भव्य मन्दिर निर्माण का बेस प्लिंथ निर्माण पूरा हो गया है। अब केवल 400 ग्रेनाइट ब्लाक बचे हैं, जो मुख्य मंदिर के बंशी पहाड़पुर के पत्थरों से जोड़े जाएंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डा. अनिल मिश्र ने बताया है कि बेस प्लिंथ का निर्माण पूरा होने के साथ अब मुख्य मंदिर के निर्माण की तैयारी है, जो प्लिंथ के पूरे क्षेत्र पर शुरू होगी। मुख्य मंदिर के गर्भ गृह का निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है। इसमें गर्भ गृह के आधार में 400 से ज्यादा पत्थर लग चुके हैं। डा. मिश्र के मुताबिक मंदिर ट्रस्ट का प्लान है कि दिसंबर 2023 तक मंदिर के ग्राउंड फ्लोर का निर्माण पूरा कर लिया जाए। उसी के बाद जनवरी 2024 में शुभ तिथि पर राम लला को मुख्य मंदिर के गर्भ गृह में स्थापित कर दिया जाए।

उन्होंने बताया कि मंदिर का निर्माण तय टाइम के अनुसार तेजी से हो रहा है। डॉ. मिश्र ने बताया कि मंदिर के बेस प्लिंथ में 17 हजार ग्रेनाइट ब्लाक लगने थे जिसमें से 16 हजार से ज्यादा ब्लाक लग चुके हैं। डॉ. मिश्र के अनुसार, मंदिर के भूतल में करीब पौने दो लाख घनफुट पत्थर लगेंगे, जिनमें से करीब 48 हजार घनफुट पत्थर पहले से तराश कर रखे गए हैं। बाकी के पत्थर तीन कार्यशालाओं में तराशे जा रहे हैं, जो जरूरत के मुताबिक, यहां पहुंचते रहेंगे।

उन्होंने बताया कि मंदिर का प्लिंथ तैयार होने के बाद अब मुख्य मंदिर की दीवारें, पिलर आदि इसकी ड्राइंग के अनुसार जोड़े जाएंगे। पिलर की जुड़ाई भी टुकड़ों में की जाएगी। इसको लेकर मंदिर निर्माण के आर्किटेक्ट और इंजिनियरिंग टीम तैयारी कर रही है। बताया गया कि रिटेनिंग वाल भी 6 मीटर ऊंचाई तक बन गई है, अब इसके ऊपर का निर्माण चल रहा है। इसी से सटे परकोटा के लिए जमीन का समतलीकरण करवा कर इस पर भी निर्माण शुरू होगा। परकोटा पर मंदिर चारों तरफ परिक्रमा मार्ग बनेगा।

इसे भी पढ़े  अयोध्या-बलरामपुर राजमार्ग को फोरलेन बनाने और रिंग रोड पर अंडरपास की मांग

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya