-पात्र किसानों/भूमि स्वामियों को प्रतिकार भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश
अयोध्या। अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे की अध्यक्षता में चौरासी कोसी, चौदह कोसी, पंचकोसी व रिंग रोड निर्माण/प्रतिकार भुगतान तथा आवास विकास परिषद द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की प्रगति के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू./आ.) कौशल कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)अनिरुद्ध कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अमित कुमार भट्ट सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अभियंता उपस्थित रहें।
बैठक में चौरासी कोस, चौदह कोसी व पंचकोसी परियोजनाओं के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की वर्तमान स्थिति, प्रतिकार भुगतान की प्रगति तथा शेष प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिग्रहण से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करते हुए पात्र किसानों/भूमि स्वामियों को प्रतिकार भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए, जिससे निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
समीक्षा के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि जिन प्रकरणों में कोई तकनीकी अथवा राजस्व संबंधी समस्या लंबित है, उन्हें आपसी समन्वय से शीघ्र हल करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि परियोजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए शासन के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें। रिंग रोड निर्माण के संबंध में तहसील सोहावल एवं सदर उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि कब्जा और भुगतान की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। आवास विकास परिषद को बक4 में अंश निर्धारण एवं अधिग्रहण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।