-ग्राम प्रधान से मांगे थे पचास हजार रूपये, तमंचा व कार बरामद
मिल्कीपुर। कुमारगंज पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने 4 जून की रात करीब 1ः44 बजे बहादुरगंज चौराहे से रोहन सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह और विनीत सिंह को पकड़ा। आरोपियों ने 2 जून को सराय हेमराज के ग्राम प्रधान तुलसीराम यादव से 50 हजार रुपए की रंगदारी मांगी थी। तुलसीराम जब अपने कारखाने से घर जा रहे थे, तब रोहन सिंह अपने दो साथियों के साथ कार से आया। उन्होंने तमंचा दिखाकर पैसों की मांग की। डर के मारे तुलसीराम ने 20 हजार रुपए दे दिए।
पुलिस ने आरोपियों से एक तमंचा, दो कारतूस 315 बोर और 17,600 रुपए बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई कार यूपी 32 एलआर 4733 और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। रोहन सिंह अयोध्या के खण्डासा थाना क्षेत्र का, महेंद्र प्रताप सिंह सुल्तानपुर के हलियापुर क्षेत्र के उसकामऊ का और विनीत सिंह कुमारगंज थाना क्षेत्र के पिठला का रहने वाला है। रोहन ने तुलसीराम को धमकी दी थी कि अगर प्रधानी करनी है तो पैसे देने होंगे।
जानकारी के मुताबिक रोहन सिंह ने 21 मार्च को भी तुलसीराम पर जानलेवा हमला किया था जिसमें केस दर्ज किया गया है।
थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि पकड़े गए आरोपी रोहन सिंह पर अयोध्या जनपद के विभिन्न स्थानों में कल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज है, वही महेंद्र प्रताप पर लखनऊ बाराबंकी रायबरेली समेत अयोध्या के विभिन्न स्थानों में अपराधिक धाराओं में 16 मुकदमे पंजीकृत है। वही तीसरे आरोपी विनीत सिंह पर पूर्व में कोई आपराधिक मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक नूतन स्वरूप, नीरज चौरसिया, गौरव कुमार पाण्डेय कांस्टेबल अजय कुमार शशिकांत मिश्रा शामिल रहे।