पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का किया निरीक्षण
अयोध्या। राम नगरी अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा रविवार 18 नवम्बर को प्रात : 10.26 बजे शुरू होगी। परिक्रमा का समापन 19 नवम्बर को प्रातः 11.36 बजे होगा। पंचकोसी परिक्रमा में श्रद्धालु अयोध्या नगर परिक्षेत्र का श्रद्धाभाव से भ्रमण कर अपने ईष्टदेव का नमन करते हैं। इस परिक्रमा में शहरी क्षेत्र के ज्यादातर पुरूष, महिलाएं व बच्चे शामिल होते हैं। परिक्रमा का आरम्भ साधु संतो की टोली द्वारा किया जाता है। प्रशासन ने परिक्रमा को कुशल पूर्वक सम्पन्न कराने का दावा किया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए चप्पे- चप्पे पर पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान जहां लगाये गये हैं वहीं उच्चाधिकारी निरन्तर भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने महापौर ऋषिकेश उपाध्याय व महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव के साथ पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक व महापौर ने कमियों को दूर करने के लिए सम्बंधित विभागों को निर्देशित किया। पंचकोसी परिक्रमा पथ पर शौचालयों को साफ सुथरा रखने का भी निर्देश दिया। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को उच्च स्तर की सुविधाएं प्रदान करने के लिए सरकार कटिबद्ध है। सरकार ने अयोध्या में पयर्टन को विकसित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किये है। परिक्रमा पथ पर श्रद्धालुओं को सभी मूलभूत सुविधाएं मौजूद रहेंगी। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि परिक्रमा पथ पर सफाई व्यवस्था को नगर निगम को निदेर्शित किया गया है। अस्थाई शौचालयों के साथ श्रद्धालुओं के लिए पेय जल की भी व्यवस्था की गयी है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में अयोध्या रही है। यहां विकास को लेकर अभूतपूर्व कार्य किये गये है। पंचकोसी परिक्रमा में आये श्रद्धालुओं को विकसित व बदली हुए अयोध्या का दर्शन होगा। अयोध्या में पयर्टन के विकास का असर दिखाई दे रहा है। यहां विदेशी सैलानियों की आमद बढ़ी है। इस अवसर पर डा चन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, अभिषेक मिश्रा, दिवाकर सिंह, अमल गुप्ता मौजूद रहे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.